कन्नौज। शासन से लगातार किसानों को यूरिया उपलब्ध कराई जा रही है। शुक्रवार को 49,328 बोरी यूरिया जिले को आवंटित की गई है। यह जल्द ही समिति और निजी दुकानों पर जाएगी। जिला कृषि अधिकारी ने सभी विक्रेताओं को निर्धारित दाम में खाद बिक्री करने के निर्देश दिए हैं।
शासन से मिली 49,328 बोरी यूरिया की खेप से किसानों को बड़ी राहत मिली है। ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सकेगी और खेती-किसानी के काम में कोई रुकावट नहीं आएगी। सरकार सब्सिडी देकर किसानों को सस्ती दरों पर यूरिया उपलब्ध करा रही है ताकि उनकी लागत कम हो और पैदावार बढ़ सके। उद्यान विभाग के अनुसार जनपद में 54 हजार हेक्टेयर में आलू और 52 हजार हेक्टेयर में गेहूं की फसल होने का अनुमान है। रबी के सीजन में किसानों को यूरिया की अधिक आवश्यकता पड़ रही है।
यूरिया की आवश्यकता को लेकर शासन स्तर से यूरिया लगातार आवंटित की जा रही है। आइपीएल कंपनी की 900 मीट्रिक टन और कृभको की 1320 मीट्रिक टन यूरिया शासन से जिले को आवंटित की गई है। कृभको कंपनी की यूरिया समितियों पर जाएगी, जबकि निजी कंपनी की समिति और दुकान पर आवंटित की जाएगी। यह खाद जल्द ही दुकानों और समितियों को भेज दी जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने बताया कि 1,17,653 बोरी यूरिया, एक लाख 58 हजार 105 बोरी एनपीके, 51,291 बोरी सिंगल सुपर फास्फेट, एक लाख 37 हजार 455 बोरी डीएपी और 25401 बोरी पोटाश उपलब्ध है। सभी विक्रेताओं को निर्धारित दाम में खाद बेचने के निर्देश दिए हैं।