तालग्राम। एक्सप्रेस वे पर लखनऊ से मिट्टी डालकर मथुरा लौट रहा डंपर घने कोहरे के कारण आगे जा रहे दूसरे डंपर में पीछे से जा टकराया। हादसे में चालक की मौत हो गई। पीछे से आ रही टूरिस्ट बस ने भी डंपर में टक्कर मारी दी। बस चालक, हेल्पर व 32 सवारियां चुटहिल हो गईं। एनसीसी की टीम ने पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू कराया।
मथुरा के थाना बलदेव डुमोड़िया नगला निवासी डंपर चालक साथी महेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह चार बजे के करीब लखनऊ से मथुरा खाली डंपर लेकर जा रहा था। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे 163 किलोमीटर थाना तालग्राम के बेहटा गांव के सामने खड़े एक अन्य डंपर में पीछे से जा टकराया। खड़ा डंपर चालक वाहन समेत भाग निकला।
हादसे की सूचना पर एनसीसी प्रशासनिक अधिकारी धर्मेंद्र कुमार पेट्रोलिंग टीम के राजेंद्र सिंह, अजय सिंह ने मथुरा थाना बलदेव डुमोड़िया नगला निवासी पवन कुमार (26) पुत्र कप्तान सिंह को मुश्किल से बाहर निकाला और उसे सीएचसी सौरिख भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज पहुंचने से उसकी पहले मौत हो गई। हादसे के दौरान मेरठ कैलाशपुरी कालोनी निवासी पिंटू पुत्र गजराज टूरिस्ट बस लेकर आजमगढ़ से दिल्ली जा रहा था। साथ में हेल्पर श्यामवीर व 32 सवारियां बस में सवार थी। डंपर में घने कोहरे से जा टकराया। तेज झटका लगने से यात्री चुटहिल हो गए। मौके पर यूपीडा एंबुलेंस के ईएमटी टीम ने प्राथमिक उपचार किया। दूसरी बस से सभी को दिल्ली भेजा गया। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। हादसे की जानकारी पर प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी बेहटा रामशंकर भारतीय ने पवन के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा।
वहीं, तालग्राम में चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कुंभ स्नान करने जा रहे सोनीपत निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट व चालक घायल हो गए। एनसीसी पेट्रोलिंग टीम ने सीएचसी भर्ती कराया।
हरियाणा सोनीपत 23 सेक्टर 353 कालोनी निवासी अमित कुमार पुत्र देवेंद्र कुमार निजी कंपनी में सीए का कार्य करते हैं। चालक मनीष कुमार पुत्र सत्यवीर के साथ कुंभ स्नान करने प्रयागराज जा रहे थे। सोमवार सुबह पांच बजे के करीब आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे थाना तालग्राम के निकवा कट के समीप चालक को झपकी लगने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों लोग घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह व एनसीसी पेट्रोलिंग टीम के राजेंद्र सिंह, अजय सिंह, हनुमान प्रसाद, अनिल ने सीएचसी भर्ती कराया।