कन्नौज। जिले के लिए राहत की खबर है। 19 अप्रैल के बाद से जिले में अभी तक कोई भी कोरोना का केस सामने नहीं आया है। समधन की तीन मस्जिदों में मिले 41 जमातियों समेत 52 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बुधवार को सैफई मेडिकल कालेज से 21 और केजीएमयू मेडिकल कालेज से 31 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसमें 15 अप्रैल को समधन की तीन मस्जिदों में पकड़े गए 41 जमातियों की जांच रिपोर्ट भी शामिल है। इससे पहले जमातियों के साथ रहने वाले समधन निवासी व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। युवक का तिर्वा सीएचसी में बनाए गए कोविड-19 हास्पिटल में उपचार चल रहा है। बुधवार को जिले से कुल 29 लोगों के सैंपल कोरोना जांच के लिए लखनऊ और सैफई भेजे गए हैं। शुक्रवार तक रिपोर्ट आएगी। सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि पूरे जिले से अबतक 398 लोगों की कोरोना जांच कराई गई। सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कोविड-19 हास्पिटल में 11 संक्रमित मरीजों का चल रहा इलाज
कन्नौज। तिर्वा सीएचसी में बनाए गए कोविड-19 डेडिकेटेड एल-वन हास्पिटल में 11 कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें कन्नौज और औरैया के पांच-पांच मरीज शामिल हैं। एक इटावा का है। एक व्यक्ति का कानपुर के सरसौल कोविड-19 में और एक का एसजीपीजीआई लखनऊ में इलाज चल रहा है।