कन्नौज। शादी अनुदान के 379 फार्म जांच प्रक्रिया में लंबित हैं। जिससे पात्रों को लाभ के लिए अभी और इंतजार करना होगा। तहसीलों से 27 की जांच रिपोर्ट ही अभी तक प्राप्त हो चुकी है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से शादी अनुदान का लाभ दिया जाता है। सामान्य वर्ग और अनुसूचित जाति की बेटियों के ब्याह के लिए 20-20 हजार रुपये दिए जाते है। अप्रैल माह में पोर्टल पर 406 आवेदन आ गए हैं। इसमें अनुसूचित जाति के 236 और सामान्य वर्ग के 170 आवेदन हैं। अनुसूचित जाति में 21 और सामान्य वर्ग के छह आवेदनों में ही जांच रिपोर्ट लगकर आई है। अब तक 379 आवेदन पोर्टल पर ही लंबित हैं।
ऐसे करें आवेदन
शादी अनुदान के लिए परिवार का मुखिया किसी भी जन सुविधा केंद्र से ऑनलाइन आवेदन करता है। उसमें आधार कार्ड नंबर, पासबुक, फोटो, जन्मतिथि, आय प्रमाणपत्र आदि प्रपत्रों की जरूरत होती है। निर्धारित समय में आवेदन का प्रिंट निकलवाकर तहसील में जमा करना होता है। वहां से जांच के बाद एसडीएम उस पोर्टल से आवेदन का फारवर्ड कर समाज कल्याण भेजते हैं। उसके बाद विधायक व अफसरों की कमेटी मीटिंग कर लाभार्थियों के बैंक खातों में 20-20 हजार रुपये भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाती है।