फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेडिकल कालेज में 32 घंटों से बिजली गायब

Sat, 10 Jan 2015 11:55 PM IST
अमर उजाला, ब्यूरो, कन्नौज
विज्ञापन
विज्ञापन
राजकीय मेडिकल कालेज में पिछले 32 घंटों से बिजली गुल है। बिजली न आने से कैंपस में पानी की आपूर्ति भी नहीं हुई। इमरजेंसी सहित विभिन्न वार्डो में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए। इमरजेंसी में लोगों का उपचार पूरे दिन टार्च की रोशनी में किया गया। बिजली व पानी की मांग को लेकर राजकीय नर्सेज संघ ने प्राचार्य को ज्ञापन देने का प्रयास किया। उनके मौजूद न होने पर सभी मायूस होकर लौट गए।
विज्ञापन


मेडिकल कालेज कैंपस में शुक्रवार दोपहर 11 बजे से बिजली गुल है। बताया जा रहा है कि मेन लाइन में काम चलने की वजह से बिजली काटी गई है। कल से गुल हुई बिजली शनिवार देर शाम छह बजे तक नहीं आई थी। माह का द्वितीय शनिवार होने के कारण ओपीडी दोपहर बारह बजे तक थी।

बिजली न होने के कारण रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मरीजों को हाथ से पर्चियां बनाकर दी गई। ओपीडी में अंधेरी की वजह से कई चिकित्सक अपने केबिनों में नहीं बैठे। बाहर कुर्सियां डालकर मरीजों का उपचार किया। उधर गाइनी वार्ड, मेडिसिन, आर्थो व सर्जरी वार्ड में भर्ती करीब एक सैकड़ा मरीज व उनके तीमारदार इनवर्टर बैठ जाने के कारण काफी परेशान रहे।
विज्ञापन


बिजली न होने के कारण शनिवार को पैथोलाजी में मरीजों की जांचे भी नहीं हो पाई। एक्सरे कराने आए मरीज भी मायूस होकर लौट गए। दोपहर दो बजे के करीब राजकीय नर्सेज संघ के संरक्षक अशोक गिरि के नेतृत्व में दो दर्जन कर्मचारी प्राचार्य कार्यालय पहुंचे।

वहां प्राचार्य मौजूद नहीं थे। बाद में सभी मायूस होकर वापस लौट गए। कर्मचारियों का कहना था कि पानी की आपूर्ति न होने के कारण उनके परिवार काफी दिक्कत में हैं। जनरेटर चलाकर विद्युत आपूर्ति शुरू की जा सकती थी। पर प्राचार्य व सीएमएस दोनों के अवकाश पर होने के कारण जनरेटर नहीं चला।
---------
कस्बे में 8 से 10 घंटे मिल रही बिजली
कस्बे में भी विद्युत आपूर्ति का बुरा हाल है। एक पखवारे से महज आठ से दस घंटे तक बिजली की आपूर्ति हो रही है। कभी फोरलेन के निर्माण में काटे जा रहे हरे वृक्षों के नाम पर विद्युत आपूर्ति ठप्प कर दी जाती, तो कभी तार टूट जाने से।

विद्युत आपूर्ति की खस्ताहाल व्यवस्था को लेकर एसडीओ तिर्वा का कहना है कि 33 केवीए सब स्टेशन पर लगा दस एमबीए का ट्रांसफार्मर तीन दिन पहले फुंक गया था। पांच एमबीए के ट्रांसफार्मर से वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में विद्युत आपूर्ति की जा रही है। नया ट्रांसफार्मर आने पर ही आपूर्ति बहाल हो सकेगी।  
---------
बिजली के लिए लगाया जाम
कस्बे के रानी अवंतीबाई व लोहिया नगर मोहल्ले में पिछले पांच दिनों से विद्युत के तार टूटे पड़े हैं। जिस वजह से इन दोनों मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप है। इससे खफा एक सैकड़ा लोगों ने दोपहर दो बजे के करीब किसान इंटर कालेज के सामने जाम लगा दिया। इससे तिर्वा-बेला मार्ग अवरुद्ध हो गया।

जाम की सूचना पर तिर्वा कोतवाल आरपी पांडेय पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। जाम का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता ओमकार वर्मा को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इस मौके पर पहुंचे एसडीओ विद्युत ने नागरिकों को बताया कि रोड पर पेड़ों का कटान चल रहा है। शाम तक जुड़वाकर आपूर्ति शुरु करा दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद नागरिकों ने जाम खत्म किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें