कन्नौज। भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से शहर के एक निजी होटल में शिकायत निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान बैंकिंग लोकपाल डीके श्रीवास्तव ने बैंक के ग्राहकों की शिकायतों को सुना। ग्राहकों ने बैंक शाखाओं द्वारा सिक्के न लेने की शिकायतों के साथ जल्द ड्राफ्ट, चेक क्लीयर कराने की मांग की।
बैंकों में अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा घूसखोरी रोकने और खाताधारकों की शिकायतों के निस्तारण के लिए गुरुवार को जीटी रोड स्थित एक निजी होटल में भारतीय रिजर्व बैंक कानपुर के बैंकिंग लोकपाल डीके श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैंकों के खाताधारकों की शिकायतों को सुना गया। छिबरामऊ से आए अनुज पांडेय ने कहा कि बैंकों में सिक्के नहीं लिए जाते हैं। इससे दुकानदार परेशान हैं। इस पर उन्होंने कहा कि कोई भी बैंक अगर सिक्के नहीं लेती है तो शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सरायमीरा के विनय कुमार ने कहा कि लोगों के खाते से ऑनलाइन पैसा निकाले जाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। करीब 25 लोगों ने बैंकिंग लोकपाल से शिकायत की और सुझाव दिए। शिकायतों को सुनने के बाद उन्होंने कहा कि कोई भी बैंक अधिकारी, कैशियर या कर्मचारी ग्राहकों को परेशान करता है या फिर घूस मांगने के अलावा किसी भी तरह से परेशान करता है तो ग्राहक सीधे शिकायत कर सकते हैं। एलडीएम एमबी सिन्हा को बैंकिंग लोकपाल का प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए। इस दौरान बैंक आफ इंडिया आगरा के आंचलिक प्रबंधक पी पटनायक ने ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग सेवाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान एचके गुप्ता, महेंद्र सिंह, रितेंद्र कुमार, अभिषेक कुमार मौजूद रहे।
बैंकों में मनमानी पर लोकपाल से करें शिकायत
बैंक आफ इंडिया के सहयोग से भारतीय रिजर्व बैंक के बैंकिंग लोकपाल ने सुनीं शिकायतें, बैंकों में सिक्के न लेने की ग्राहकों ने की शिकायत