अमर उजाला ब्यूरो
तिर्वा (कन्नौज)। उमर्दा ब्लाक प्रमुख के लिए रविवार को मतदान और मतगणना होगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान रविवार की दोपहर ग्यारह से तीन बजे तक तिर्वा ब्लाक सभागार में होगा। उमर्दा ब्लाक के 145 क्षेत्र पंचायत सदस्य मतदान करेंगे। इसके बाद मतगणना शुरू होगी।
उमर्दा ब्लाक प्रमुख पद के लिए शुक्रवार को नामांकन हुआ था। इसमें भाजपा से अजय वर्मा, समाजवादी पार्टी से पूर्व ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव के अलावा अजय वर्मा की पत्नी ज्योत्सना वर्मा ने नामांकन दाखिल किया था। शनिवार की दोपहर दो बजे के करीब ज्योत्सना वर्मा ने नाम वापस ले लिया। उनके नाम वापस लेने के कारण अब ब्लाक प्रमुख पद के लिए भाजपा प्रत्याशी अजय वर्मा व सपा प्रत्याशी इंद्रेश यादव के मध्य सीधा मुकाबला होगा।
एसडीएम शालिनी प्रभाकर ने बताया कि मतदान व मतगणना के दौरान सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। सीओ मोनिका यादव के नेतृत्व में तिर्वा कोतवाली प्रभारी अमरपाल सिंह के अलावा ठठिया व इंदरगढ़ थानों का फोर्स रहेगा। इसके अलावा पीएसी व दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौजूद रहेंगी। महिला क्षेत्र पंचायत की सुरक्षा व तलाशी के लिए महिला पुलिस तैनात रहेगी।
उधर, जिलाधिकारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि मतदान व मतगणना की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। मतदान स्थल के बाहर व भीतर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। मतदान व मतगणना के दौरान कोई बीडीसी सदस्य अपना मोबाइल लेकर अंदर नहीं जाएगा। कोई भी विधायक, सांसद जिनको सुरक्षा प्राप्त है वह मतदान व मतगणना स्थल पर प्रवेश नहीं करेंगे।
- भाजपा प्रत्याशी अजय वर्मा व सपा प्रत्याशी इंद्रेश यादव के मध्य सीधा मुकाबला
- 145 बीडीसी सदस्य दोपहर ग्यारह से तीन तक करेंगे मतदान