छिबरामऊ(कन्नौज)। नए नलकूप की मांग को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन 25 वें दिन भी जारी रहा। शनिवार को राहगीरों को गुलाब के फूल देकर पेयजल समस्या बताई ग्रई।
बहवलपुर के गमा देवी मंदिर में क्रमिक अनशन के 25 वें दिन अनशनकारियों ने दो भागों में बंटकर आंदोलन किया। समाजसेवी अमित शाक्य के नेतृत्व में बुजुर्गों ने तालग्राम रोड से गुजरने वाले राहगीरों को गुलाब के फूल देकर पेयजल समस्या से अवगत कराया। वहीं सभासद प्रतिनिधि हरिशरण शाक्य की अगुवाई में क्रमिक अनशन पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस दौरान जयप्रकाश, मनोज कुमार सिंह, योगेंद्र कुमार, रामनरेश, मुनेश्वरनाथ शुक्ला, सोनेलाल, रामशंकर शाक्य, किशनलाल, बादाम सिंह शाक्य, सोबरन सिंह शाक्य, अजयपाल शाक्य, रामजी, रामप्रकाश शाक्य, किशनलाल, सुमित कुमार, अंशुल शर्मा, बबलू शर्मा, अमर सिंह शाक्य सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों का सहयोग न मिलने पर जुटाएंगे चंदा
आंदोलन की अगुवाई कर रहे सभासद प्रतिनिधि हरिशरण शाक्य ने कहा कि नलकूप की स्थापना के लिए जल निगम ने 48 लाख 25 हजार रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। इस बजट के लिए जनप्रतिनिधियों से वार्ता की जाएगी। जनप्रतिनिधि तैयार न हुए तो नगर के लोगों से चंदा जुटाया जाएगा।