त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत ग्राम सभा सदस्य पद
के रिक्त पदों के लिए रविवार को 25 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। इसके लिए
शनिवार को पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं।
दोपहर बाद अपर जिलाधिकारी
संतोष कुमार वैश्य, पूर्व प्रधानाचार्य एनसी टंडन ने पीठासीन अधिकारियों और
मतदान अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी संबंधी जानकारियां विस्तारपूर्वक दीं।
उन्होंने कर्मियों को ताकीद की कि पूरी ईमानदारी से ड्यूटी करें। चुनाव के
दौरान कोई भी पक्षपात न करें।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार
कटियार ने बताया कि कन्नौज, उमर्दा, जलालाबाद, सौरिख और हसेरन समेत कुल
पांच विकास खंडों में 21 फरवरी को सुबह सात बजे से वोट डाले जाएंगे। कुल 25
बूथों पर 45 वार्डों में सदस्य पद का चुनाव होना है। इस उप चुनाव में
7,331 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
उन्होंने बताया कि सौरिख
और कन्नौज विकास खंड के लिए दो-दो पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा गया
है। उधर, शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में चुनाव ड्यूटी लेने के बाद पोलिंग
पार्टियां पुलिस के सुरक्षा घेरे में रवाना की गईं। उन्होंने बताया कि
मतदान पेटी को ब्लाक मुख्यालय पर जमा किया जाएगा। ब्लाक मुख्यालय पर ही
स्ट्रांग रूम बनाया गया है।