फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: 25 करोड़ से चमकेंगीं जिले की 172 बदहाल सड़कें

विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। जिले की खस्ताहाल सड़कों पर चलने वाले राहगीरों को जल्द ही गड्ढों से निजात मिलेगी। शासन ने 172 जर्जर सड़कों के नवीनीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है। इसमें से पांच करोड़ रुपये की पहली किस्त विभाग को प्राप्त हो चुकी है। इस योजना के अंतर्गत 212 किलोमीटर लंबे सड़क नेटवर्क का कायाकल्प किया जाएगा। इससे यात्रियों का सफर आसान और समय की बचत वाला होगा।
विज्ञापन

लोक निर्माण विभाग ने प्रस्तावों पर मुहर लगने के बाद अब एक्शन मोड में काम शुरू कर दिया है। विभाग ने कार्य को धरातल पर उतारने के लिए निविदा (टेंडर) जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि यह प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ जल्द पूरी कर ली जाएगी, ताकि निर्माण कार्य में कोई देरी न हो। चुनाव और त्योहारों के सीजन से पहले इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराने की योजना है।
इन सड़कों के बनने से न केवल आम जनता को धूल और गड्ढों से मुक्ति मिलेगी, बल्कि किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में भी सुगमता होगी। इत्र कारोबार से जुड़े क्षेत्रों के संपर्क मार्ग सुधरने से स्थानीय व्यापार को भी गति मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपेश अस्थाना ने बताया कि शासन से मिली वित्तीय स्वीकृति जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि 172 मार्गों को चिह्नित कर लिया गया है। निविदाएं आमंत्रित कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण और समयबद्धता है।
विज्ञापन

वर्जन
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में खराब संपर्क मार्गों को लेकर चर्चा की गई थी। अब शासन से बजट उपलब्ध हो गया है और खराब सड़कों का चिह्नीकरण भी कर लिया गया है। जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर सड़कों पर काम शुरू कराया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए हैं। यह पहल जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाएगी।
विज्ञापन

-देवेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें