कन्नौज। जिले के 23 माध्यमिक स्कूलों के 215 छात्र-छात्राओं ने इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं नहीं दी थीं। प्रयागराज से ऐसे परीक्षार्थियों की जानकारी भी मांगी गई है।
कहा जा रहा है कि जल्द ही यूपी बोर्ड की ओर से प्रैक्टिकल में शामिल होने की तारीख घोषित कर अंतिम मौका दिया जाएगा। डीआईओएस राजेंद्र बाबू ने बताया कि सबसे अधिक 27 छात्र सौरिख के ऋषि भूमि इंटर कॉलेज से प्रैक्टिकल में अनुपस्थित रहे थे। इसके अलावा शहर स्थित केके इंटर कॉलेज तिर्वा के डीएन इंटर कॉलेज समेत कुल 23 माध्यमिक विद्यालय हैं।
डीआईओएस ने बताया कि गैरहाजिर रहने वाले परीक्षार्थियों की बोर्ड ने जानकारी मांगी थी, जिसकी रिपोर्ट बनाकर भेज दी गई है। जैसे ही कोई तारीख घोषित होने का पत्र मिलेगा, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य को बता दिया जाएगा। डीआईओएस का कहना है कि इसके बाद कोई भी अनुपस्थित इंटरमीडिएट का परीक्षार्थी प्रैक्टिकल में शामिल नहीं किया जाएगा।