तालग्राम(कन्नौज)। थाना क्षेत्र के नगला दुर्गा में हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से किसान की पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। दो गांवों के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने से दूसरे किसानों की फसलें जलने से बच गईं।
नगला दुर्गा निवासी अनिल कुमार सिंह पुत्र प्रेम सिंह के खेत से 11 हजार वोल्ट की लाइन निकली है। मंगलवार शाम के समय तार टूटकर गिर गया। इससे गेहूं की फसल में आग लग गई। आग की तेज लपटें देख पहुंचे दो गांवों के लोगों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। किसान की पांच बीघा फसल जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह सेंगर ने लेखपाल बृजेश को सूचना दी। मौके पर चौकी प्रभारी बेहटा रामशंकर भारतीय, लेखपाल व बिजली विभाग के अधिकारी भी पहुंच गए। प्रधान ने दैवी आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया।
एचटी लाइन का तार टूटकर गिरने से पांच बीघा फसल जली
दो गांवों के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू