कन्नौज। दिसंबर में 27 दिनों के भीतर 18 हजार किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा कराया है। रबी फसल की बीमा के लिए 31 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
उप कृषि निदेशक कार्यालय के मुताबिक जनपद में करीब तीन लाख किसान हैं। दो लाख 20 हजार किसानों के पास किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) है। इसके बाद भी अक्तूबर व नवंबर माह में एक भी किसान का बीमा न होने की खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर बीमा कंपनी व बैंकों ने तेजी दिखाई। जनपद में यूनिवर्सल सोम्पो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की ओर से फसल बीमा किया जा रहा है।
जिला कृषि अधिकारी आवेश सिंह ने बताया कि अब तक जिले के 18,107 किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा कराया है। किसानों की ओर से एक करोड़ 24 लाख 39 हजार 137 रुपये बीमा का प्रीमियम जमा किया है। सबसे अच्छी प्रगति आर्यावर्त बैंक शाखाओं की है। यहां 16,893 किसानों की फसल का बीमा कर एक करोड़ आठ लाख 45 हजार 994 रुपये प्रीमियम जमा किया गया है।
चार बैंकों ने नहीं खोला अब तक खाता
प्रधानमंत्री फसल बीमा करने में इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया व द फर्रुखाबाद डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक की एक भी शाखा की ओर से रुचि नहीं दिखाई गई है। योजना के तहत उन्होंने बीमा का खाता तक नहीं खोला है।
2021-22 में 23,056 किसानों ने कराया बीमा
2020-21 में 18,560 किसानों ने कराया फसल बीमा
क्रॉप कटिंग पर मिलेगा लाभ
एक से सौ फीसदी तक फसल नुकसान का आकलन क्रॉप कटिंग से होता है। यूनिवर्सल सोम्पो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के जिला प्रतिनिधि रजत शुक्ल का कहना है कि अगर बाढ़ आदि आती है तो 30 फीसदी से अधिक नुकसान पर ही बीमा का लाभ मिलेगा। किसान अगर बंटाई पर खेती करता है तो उसका प्रमाण पत्र देकर फसल बीमा करा सकता है। बीमा कराने, फसल नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए किसान टोल फ्री नंबर 18002005142 और 1800224032 पर जानकारी की जा सकती है।
ऐसे जमा होगा प्रीमियम और मिलेगा लाभ
-आलू का प्रीमियम 520 रुपये प्रति बीघा जमा होगा और क्षतिपूर्ति 10,400 रुपये मिलेगी।
-गेहूं का प्रीमियम 96 रुपये प्रति बीघा जमा होगा और क्षतिपूर्ति 6,406 रुपये मिलेगी।
-सरसों का प्रीमियम 87 रुपये प्रति बीघा जमा होगा और फसल नुकसान पर 5,759 रुपये मिलेंगे।