कन्नौज। छिबरामऊ के काकराई तालाब का अब 18 लाख से सुंदरीकरण करवाया जाएगा। इसके लिए अफसरों ने स्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया है। शासन से धनराशि मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। पहले तालाब का निर्माण त्वरित विकास आर्थिक विकास योजना के तहत होना था लेकिन नए प्रस्ताव के बाद अब इसका निर्माण मनरेगा के तहत कराया जाएगा।
छिबरामऊ तहसील क्षेत्र में काकराई तालाब है। यहां प्रतिवर्ष नवदुर्गा महोत्सव समेत गणेश महोत्सव में मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है। तहसील स्तरीय अफसरों ने इस तालाब का सुंदरीकरण कराने के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा है। इसमें त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत इसका निर्माण कराया जाना था। इसके तहत करीब 74 लाख का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। बड़ी धनराशि होने से रुपये मिलने में दिक्कत आ रही थी। इससे काकराई तालाब के सुंदरीकरण होने में दिक्कत आ रही थी। एक सप्ताह पहले मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विभाग सुशील कुमार सिंह समेत कई अफसरों ने निरीक्षण किया। साथ ही तालाब के अंतर्गत होने वाले सुंदरकीरण की फिर से कार्ययोजना तैयार की। इसके बाद काकराई तालाब का मनरेगा से काम कराए जाने का प्रस्ताव बनाया। नए प्रस्ताव में काकराई तालाब का सुंदरीकरण कराए जाने के लिए 18 लाख का बजट बनाकर शासन को भेजा गया है। मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया छिबरामऊ के काकराई तालाब के सुंदरीकरण की जिम्मेदारी उपायुक्त मनरेगा को दी गई है। शासन से बजट मिलते ही इसका कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।