कन्नौज। अगर अभी तक आप वोटर नहीं बने हैं तो एक मौका और है। नामांकन शुरू होने से एक दिन पहले तक यानी आठ अप्रैल तक आप वोटर बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वोटर बनने के बाद पूरक सूची में आपका नाम दर्ज हो जाएगा। इसके बाद कोई भी पहचान पत्र दिखाकर आप लोकसभा चुनाव में 29 अप्रैल को वोट डाल सकते हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार ने बताया कि अगर आपका वोटर आईडी है और उसमें किसी तरह की गलती है तो उसमें भी सुधार कराया जा सकता है। अगर आपने मकान बदल लिया है तो दूसरा पता दर्ज कराया जा सकता है। वहीं जिनका कार्ड अभी तक नहीं बना है, वह राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल पर फॉर्म-6 ऑनलाइन भर सकते हैं। एक जनवरी 2019 को 18 साल की आयु पूरी करने वाले वोटर बनने के लिए प्रक्रिया कर सकते हैं।
आवेदन की ये है प्रक्रिया
- मतदाताओं को चुनाव आयोग के वेबसाइट पर जाकर फॉर्म 6 भरना होगा। यह फॉर्म-फर्स्ट-टाइम वोटर्स के लिए है। साथ ही उन लोगों के लिए भी ये फॉर्म है जो दूसरे निर्वाचन क्षेत्र में स्थानांतरित हो गए हैं।
- नाम, फोटो, आयु, ईपीआईसी नंबर यानी इलेक्शन फोटो आईडी नंबर, पता, जन्मतिथि, रिश्तेदार का नाम, लिंग आदि में किसी भी बदलाव के लिए फॉर्म 8 भरें।
- किसी वोटर का नाम शामिल होने पर आपत्ति और नाम हटाने के लिए फार्म 7 भरें।
इस तरह करें ऑनलाइन आवेदन
सहायक निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार ने बताया कि नेट पर चुनाव आयोग की वेबसाइट खोलें। इसके बाद प्रदेश, फिर जिला भरें। विधानसभा क्षेत्र का विकल्प आ जाएगा। आवेदन पत्र खोलकर फोटो, आयु, निवास प्रमाणपत्रों की स्कैन कॉपी अपलोड करें। ऑनलाइन आवेदन करते समय मोबाइल नंबर जरूर दर्ज करें। ई मेल के माध्यम से पावती के लिए ई मेल एड्रेस संबंधित कॉलम में भरे।
ऐसे भरें ऑफलाइन आवेदन
आप ऑफलाइन भी वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए फॉर्म 6 की दो प्रतियां भरनी होंगी। यह फार्म निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और बूथ स्तर के अधिकारियों के कार्यालयों में नि:शुल्क उपलब्ध है। इसके बाद संबंधित दस्तावेजों की प्रतियों के साथ फॉर्म 6 को संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के यहां जमा कर सकते हैं, या डाक से भेज सकते हैं। फॉर्म को मतदान क्षेत्र के बूथ स्तर के अधिकारी को भी सौंपा जा सकता है।
1950 पर कॉल कर लें सकते हैं मदद
किसी भी प्रकार की मदद के लिए आप 1950 पर कॉल करें (1950 से पहले अपना एसटीडी कोड जोड़ें)। उम्मीदवार द्वारा नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तक मतदाता सूची को लगातार अपडेट किया जाता है। इसलिए आपके पास अभी भी वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने का मौका है।
अभी भी मौका, आठ अप्रैल तक बन सकते हैं वोटर
नामांकन शुरू होने से एक दिन पहले तक वोटर बनने के लिए कर सकते हैं आवेदन