विधानसभा चुनाव 2017 में युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बेहद उत्साहित है। उनको ईवीएम मशीन के जरिये पहली बीप की आवाज सुनने का मौका मिलेगा और वह अपने वोट की ताकत को पहचान सकेंगे। जिले की तीनों विधानसभाओं में 9855 पुुरुष, 8098 महिला व दो थर्ड जेंडर वोटर बने हैं।
विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं पर नजर दौड़ाई जाए तो इस बार छिबरामऊ विधानसभा में 420961, तिर्वा 346374 व कन्नौज 385145 मतदाता अपने मनपसंद उम्मीदवार के लिए 19 फरवरी को मतदान के लिए ईवीएम की बटन दबाएंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से चलाए गए मतदाता पुनरीक्षण अभियान में युवा वोटरों के नए वोट बनवाए जाने के लिए काफी फोकस रहा है।
महाविद्यालय व इंटर कालेज स्तर पर तमाम मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाकर युवाओं को वोटर आईडी बनाए जाने के लिए जागरूक किया। जिसका असर भी देखने को मिला है। जिले में 9855 पुरुष, 8098 महिलाएं पहली बार बीप की आवाज सुनेंगे। प्रशासनिक मशीनरी ने अब मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए रैलियों का आयोजन व गोष्ठी करना शुरू कर दिया है। जिससे अधिक संख्या में लोग अपने मनपसंद उम्मीदवार का चुनाव कर सके। फ्लैग मार्च निकालकर मतदाताओं को पूरी सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए उनको निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।