कन्नौज/ तिर्वा। अन्ना मवेशियों के आहार के लिए भूसा की भिक्षा मुहिम जोर पकड़ रही है। 16 प्रधानों ने 150 क्विंटल भूसा दान करने की हामी भर इसे आगे बढ़ाया है। सबसे अधिक 51 क्विंटल भूसा सिमरिया के प्रधान जयकरन देंगे।
शनिवार को ब्लॉक सभागार उमर्दा में प्रधानों की बैठक में प्रभारी बीडीओ व डीसी मनरेगा दयाराम यादव ने कहा कि गोशालाओं व निराश्रित पशुओं के भरण-पोषण को लेकर भूसा दान करने की मुहिम शुरू की है, जो प्रधान, किसान या कोई अन्य व्यक्ति 51 क्विंटल भूसा देगा, उसके यहां डीएम खुद पहुंचेंगे। प्रभारी बीडीओ ने अभियान को सफल बनाने के लिए प्रधानों से सहयोग मांगा, जिसमें कई ने हाथ बढ़ा दिए। प्रभारी एडीओ पंचायत राम अयोध्या प्रसाद ने बताया कि सिमरिया के प्रधान जयकरन ने 51 क्विंटल के अलावा बस्ता की प्रधान शकुंतला देवी, चंदौली के प्रमोद सिंह, सुर्सी के सतीश, जनखत के रावेंद्र औसेर के सर्वेश, रहमतपुर के संजय सिंह यादव, उमर्दा की तारादेवी, शाह नगर की मंजूलता, रामपुर मझिला के महिपाल सिंह, सिरसा के संजीव उर्फ राजवीर, बेलामऊ सरैया के मोहम्मद जान अलम व बहेड़ा के महेश चंद्र, पट्टी के प्रवीन तिवारी, बेलामऊ सरैया के धर्मपाल सिंह, बहसुइया की उमा देवी ने भूसा देने की मुहिम से जुड़कर सहयोग देने का ऐलान किया है। यह प्रधान खुद तो भूसा देंगे ही गांव में जाकर अन्य लोगों से भी सहयोग मांगेंगे। ब्लॉक प्रमुख अजय वर्मा ने भी अपनी बात रखी।