गरीब परिवारों को प्रदेश सरकार ने होली का तोहफा दे दिया है। सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2015-16 के तहत लाभार्थियों का लक्ष्य बढ़ा दिया है। कानपुर मंडल के छह जिलों के कुल 56500 लाभार्थियों का चयन होगा। इनमें से सर्वाधिक 15500 लाभार्थी कन्नौज जनपद होंगे। इन लाभार्थियों का चयन करने के लिए मई तक की समय सीमा निर्धारित की गई है।
प्रमुख सचिव समाज कल्याण विभाग ने इस आशय का शासनादेश भेजकर जिलाधिकारी अनुज कुमार झा व जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम को जानकारी भेज दी है। अभी तक कन्नौज जनपद में 39 हजार 237 लोगों को समाजवादी पेंशन मिल रही है। अब नए लाभार्थी के तौर पर 15500 और लोगों को समाजवादी पेंशन दी जाएगी।
इनमें से 3100 लाभार्थी नगर पालिका परिषद कन्नौज, छिबरामऊ और गुरसहायगंज तथा नगर पंचायत तिर्वागंज, समधन, तालग्राम, सौरिख और सिकंदरपुर से चुने जाएंगे, जबकि 12400 लाभार्थी आठ विकास खंडों की 504 ग्राम पंचायतों में से चुने जाएंगे। आरक्षण के अनुसार लाभार्थी चुने जाएंगे।
कन्नौज में शहरी क्षेत्र में अनुसूचित जाति जन जाति के 930, अल्पसंख्यक वर्ग के 775, पिछड़ा व सामान्य वर्ग के 1395 और ग्रामीण क्षेत्र में अनुसूचित जाति जन जाति के 3720, अल्पसंख्यक वर्ग के 3100 व पिछड़ा वर्ग व सामान्य जाति के 5580 लाभार्थी समाजवादी पेंशन के हकदार होंगे।
इस मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि शासन के निर्देशों का समय से पालन कराया जाएगा। गाइडलाइन के अनुसार मई तक का समय लाभार्थी के चयन के लिए दिया गया है। इसलिए मई तक लाभार्थी चयन हो जाएगा। शासन की इस योजना को प्राथमिकता के अनुसार पूर्ण कराएंगे।