अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज।
प्रधानमंत्री आवास योजना में जिले का लक्ष्य वर्ष 2017-18 के लिए 3087 लक्ष्य के सापेक्ष 321 लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेज दी गई है। आठ ब्लाकों से पात्र लाभार्थियों की सूची मांग ली गई है। ब्लाकों से बीडीओ की संस्तुति के आधार पर आई सूचियों में 1376 का रजिस्ट्रेशन आनलाइन करा दिया गया है। निर्देश जारी किए गए हैं कि लाभार्थी किस्त की धनराशि खाते से निकालकर आवास का निर्माण कराए। यदि सेक्रेटरी, ग्राम प्रधान से लेकर कोई भी आवास दिलाने के नाम पर रुपये दिए जाने का दबाव बनाए तो अवगत कराए। पैसे की मांग करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना को भ्रष्टाचारमुक्त कराए जाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने पहल शुरू कर दी है। वर्ष 2017-18 के निर्धारित लक्ष्य में 321 लाभार्थियों की धनराशि उनके खाते में हस्तांतरित कर दी गई है। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सभी ब्लाक मुख्यालयों पर शिविर लगाकर लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र का भी वितरण कराया जाएगा। सीडीओ अवधेश बहादुर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा।
लाभार्थियों से पैसे की वसूली न हो इसके लिए गांव-गांव वाल पेंटिंग कराकर चयनित लाभार्थियों की सूची के नाम लिखवाए जा रहे हैं। सीडीओ ने आवास योजना में पात्र लाभार्थियों से कहा कि यदि गांव में कोई उनसे आवास दिलाने के नाम पर रुपये की मांग करता है उसकी शिकायत सीधे उनसे करे। सेक्रेटरी, ग्राम प्रधान सहित बिचौलिये के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी। लाभार्थियों को निर्देश दिए कि वह आवास का निर्माण शीघ्र शुरू करा दें कि समय अवधि के अंदर निर्माण पूरा हो सके। खंड विकास अधिकारियों की दूसरी व तीसरी किस्त की डिमांड भेजने में किसी तरह की कठिनाई न हो।
-प्रधानमंत्री आवास योजना, 1376 का हुआ आनलाइन रजिस्ट्रेशन
-वर्ष 2017-18 के लिए 3087 का मिला लक्ष्य