हॉट स्पॉट करनपुर में लगे बैरियर पर तैनात पुलिस
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेज से बढ़ रहा है। शनिवार को 13 नए पॉजिटिव मिले, इसमें शहर के सरायमीरा अंधामोड़ में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। पूरा परिवार दिल्ली से लौटे युवक के संपर्क में आने से संक्रमित हो गया है।
सभी पॉजिटिव को कोविड-19 हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। सभी हॉटस्पाट को सील कर सेनेटाइज का छिड़काव कराया जा रहा है। संक्रमितों के परिजनों और संपर्क में आए लोगों की भी जांच कराई जा रही है।
सरायमीरा अंधा मोड़ में दिल्ली से लौटे युवक के संपर्क में आने से परिवार की 85 वर्षीय महिला, 53 वर्षीय अधेड़ और तीन महिलाएं संक्रमित हो गईं हैं। गौरी शंकर रोड सराय बहादुर मोहल्ला में संक्रमित मिला 19 वर्षीय युवक, फर्श रोड का 18 वर्षीय युवक और सरायमीरा देविन टोला में का 23 वर्षीय युवक भी दिल्ली से ही लौटे थे।
तिर्वा में 60 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित मिला है। तालग्राम के टिकुरियनपुर्वा मंडाला में पॉजिटिव निकली 24 वर्षीय युवती फरीदाबाद से आई थी। सदर ब्लाक के आनंदीपुर तेरामल्लू गांव में 45 युवक प्रवासी के संपर्क में आने से संक्रमित हो गया।
तहसीपुर बरौली गांव और विशुनगढ़ में संक्रमित मिले लोग भी दिल्ली से लौटे थे संक्रमितों में तीन को मेडिकल कालेज कोविड-19 अस्पताल और 10 संक्रमितों को गौतम बुद्ध पैरामेडिकल कालेज एंड हास्पिटल में बने कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि अभी तक 145 कोरोना मरीज मिले हैं, इसमें 60 लोग ठीक हो चुके हैं और 85 अस्पतालों में भर्ती हैं। संक्रमितों में 112 प्रवासी शामिल हैं। प्रवासियों के संपर्क में आने से 33 लोग संक्रमित हुए हैं।