विकास भवन में शुक्रवार को माइक्रो कामधेनु डेरी योजना के तहत आवेदकों का साक्षात्कार आयोजित हुआ। इस बार लक्ष्य से अधिक लोगों ने आवेदन किया और साक्षात्कार देने भी पहुंचे। डेरी योजना का लाभ पाने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने भी इस बार आवेदन किए। योजना का लाभ पाने के लिए 136 ने आवेदन किया था। इसमें 116 साक्षात्कार के लिए उपस्थित हुए।
विकास भवन में साक्षात्कार देने के लिए लोगों का जमघट लगना शुरू हो गया था। करीब 11 बजे गठित समिति ने एक-एक कर लाभार्थियों के साक्षात्कार लेना शुरू किया। समिति में जिला विकास अधिकारी एके वैश्य, लीड बैंक मैनेजर अशोक कुमार मिश्रा, सीनियर मैनेजर आयावर्त ग्रामीण बैंक एसपी शाक्य, नोडल अधिकारी वीके सचान, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अमरेंद्र सिंह ने आवेदकों का साक्षात्कार लिया। इस दौरान उनसे प्रोजेक्ट के सवाल दागे गए।
किस बैंक से ऋण लेंगे इस बारे में पूछा गया। हालांकि अभी लाभार्थियों का चयन नहीं किया गया है। देर शाम तक साक्षात्कार चला। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि पहली बार इस योजना के प्रति किसानों ने इतनी ज्यादा रुचि दिखाई है। जल्द ही चयनित किसानों की सूची सार्वजनिक कर दी जाएगी। प्रयास किया जाएगा कि लाभार्थियों को जल्द से जल्द इस योजना के तहत ऋण दिलाया जा सके।