तालग्राम। जमीन पर कब्जे को लेकर दो अक्तूबर को दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग और मारपीट के मामले में अब अधिवक्ता की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
तालग्राम निवासी अधिवक्ता शिवकुमार सिसौदिया पुत्र श्रीकृष्ण ने बताया कि वह अपने पुत्र अगम सिंह के साथ कार से दो अक्तूबर की शाम खेतों से लौट रहे थे। तभी जमीन पर कब्जे को लेकर कलकत्तापुर्वा गांव निवासी जगदेव, मोहनलाल पुत्र दुर्जनलाल, कमलादेवी पत्नी रामकिशोर, रामविलास पुत्र रुपन, इंदरपाल पुत्र रतीराम और छह लोगों ने रसूलाबाद उनके प्लाट के पास घेरकर मारपीट कर कई राउंड फायरिंग की।
मारपीट में पुत्र समेत घायल हो गए। कार में भी आरोपियों ने तोड़फोड़ की। इस मामले में दूसरे पक्ष ने घटना की रात ही अधिवक्ता और बेटे समेत अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि समाधान दिवस में अधिवक्ता ने शिकायत पत्र दिया था। हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। जांच के बाद ही कोई कार्रवाई होगी।