कन्नौज। एडेड जूनियर हाईस्कूलों में नए शिक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया के तहत 15 शिक्षकों का आवंटन किया गया। हालांकि, इनमें से केवल 11 शिक्षकों ने ही स्कूलों में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया है। चार शिक्षकों के कार्यभार ग्रहण न करने पर शासन को सूची भेज दी गई है।
जिले के सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में एक प्रधानाध्यापक और 14 सहायक अध्यापकों का आवंटन स्वीकृत किया गया था। इनमें से चार महत्वपूर्ण पदों पर अभ्यर्थियों ने योगदान नहीं दिया। स्वामी हरियानंद जूनियर हाईस्कूल तालग्राम में प्रधानाध्यापक पद पर चयनित अभ्यर्थी ने ज्वाइन नहीं किया है। इसके अलावा नेहरू स्मारक विद्यालय उमर्दा, चौधरी सदानंद विद्यालय छिबरामऊ और महर्षि बालिका विद्यालय सौरिख में सहायक अध्यापक के पदों पर अभ्यर्थियों की ज्वाइनिंग नहीं हो सकी है।
सत्यापन प्रक्रिया के दौरान एक शिक्षक के अभिलेख दस्तावेज अपूर्ण पाए गए, जिस कारण उनकी काउंसलिंग संपन्न नहीं हो सकी। बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने और दस्तावेज पूर्ण कराने वाले 11 शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से आवंटित स्कूलों में ज्वाइन करा दिया गया है।