छिबरामऊ (कन्नौज)। नगर के फीडर नंबर एक की हालत इस समय खराब है। सुबह 10 बजते ही बिजली काट दी जाती है। यह देर शाम 6 बजे के बाद बहाल हो पाती है। पूरे दिन इस फीडर की बिजली गुल रहने से लोग परेशान हैं। नगर का यह फीडर वीवीआईपी श्रेणी में शुमार रखता है। यहां राज्यमंत्री और पालिकाध्यक्ष समेत अधिकारियों के आवास हैं।
एरवा कटरा से छिबरामऊ तक सौरिख रोड का चौड़ीकरण चल रहा है। वर्तमान में मुंसिफी तिराहे से कालिका देवी मंदिर तक सड़क के दोनों तरफ खुदाई और गिट्टी डालने का काम हो रहा है। एचटी लाइन को शिफ्ट करने की भी कवायद शुरू कर दी गई है। जहां सड़क चौड़ीकरण चल रहा, वह क्षेत्र फीडर नंबर 1 के अंतर्गत आता है। ऐसे में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक शट डाउन रहता है। इससे फीडर नंबर एक के लोगों को पिछले कई दिनों से पूरे दिन बिजली नहीं मिल रही है। लगभग 8 घंटे हो रही इस अघोषित कटौती से लोग पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं बिजली आधारित उद्योग धंधे चौपट हैं। इस संबंध में उपखंड अधिकारी रोहित कनौजिया ने बताया कि सौरिख रोड पर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। साथ ही लाइन शिफ्टिंग का भी काम हो रहा है। उधर, फीडर नं.1 की हाईटेंशन लाइन पड़ी हुई है। खतरे की आशंका को देखते हुए शट डाउन लिया जा रहा है।
सड़क निर्माण से पूरे दिन गुल रहती बिजली
-नगर के फीडर नंबर एक में दिन में नहीं मिलती है बिजली
-फीडर नंबर एक में हैं राज्यमंत्री, चेयरमैन व अधिकारियों के आवास