अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) में छूटे पात्र परिवारों को नए सिरे से सर्वे होगा। इसके लिए गांवों मेें 3 अक्तूबर से 7 नवंबर तक अभियान चलाया जाएगा। नए सर्वे में एक रसोई, एक परिवार के आधार पर ग्रामीणों को लाभ दिया जाएगा। संयुक्त सचिव पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय भारत सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
भारत सरकार का आदेश मुख्य सचिव के माध्य से जिला प्रशासन को मिला है। इसमें बताया गया है कि जिलों से मिले फीडबैक व राज्य स्तर पर हुई मीटिंग में ये बात सामने आई है कि वर्ष 2012 में कराए गए बेस लाइन सर्वे में काफी संख्या में परिवार सूची में शामिल होने से वंचित रह गए हैं। ऐसे परिवारों का नाम सूची में शामिल करने के लिए 3 अक्तूबर से 7 नवंबर तक अभियान चलाया जाएगा। शौचालय का मानक एक रसोई-एक परिवार के आधार पर किया जाएगा। ये अभियान जिले के सभी गांवों मेें चलेगा।
सर्वे में ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारी, सफाई कर्मी, ग्राम रोजगार सेवक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत प्रशिक्षित स्वच्छाग्रहियों को लगाया जाएगा। इसकी मानीटरिंग जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी करेगी। जिलाधिकारी नोडल अधिकारी होंगे जबकि डीपीआरओ की देखरेख में अभियान चलेगा। डीपीआरओ ने बताया कि परिवार के मुखिया के आधार कार्ड या आधार आवेदन की रसीद का नंबर भी सर्वे में लिया जाएगा। पहले से शौचालय का लाभ पा चुके परिवार को लाभ देने का प्रयास करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। सर्वे पूरा कर 8 नवंबर तक सूची मिशन कार्यालय में जमा करने के निर्देश हैं।
सीडीओ एसके सिंह ने बताया कि मुनादी कराकर सर्वे अभियान का प्रचार कराया जाएगा। पहले अभियान में शामिल अधिकारियों व बीडीओ की बैठक होगी। 4 अक्तूबर को ब्लाकों में ग्राम स्तरीय कर्मियों का प्रशिक्षण होगा। 5 से 12 अक्तूबर तक गांवों में सर्वे होगा। 13 को लाभार्थियों की सूची ग्राम पंचायत के नोटिस बोर्ड व सार्वजनिक स्थल पर चस्पा होगी और 14 अक्तूबर को खुली बैठकें होंगी। 21 से 23 अक्तूबर को फाइनल सूची एडीओ पंचायत को उपलब्ध कराई जाएगी। 24 से 28 अक्तूबर तक इस सूची का 5 प्रतिशत भौतिक सत्यापन बीडीओ कराएंगे। 29 से 02 नवंबर सत्यापन की खामियां दूरी की जाएंगी और सूची डीपीआरओ के कार्यालय भेज दी जाएगी। 03 से 05 नवंबर तक जिला स्तरीय टीम सूची के न्यूनतम 01 प्रतिशत नामों का सत्यापन करेगी।
गांव के छूटे परिवारों को भी मिलेंगे शौचालय
पांच से 12 अक्तूबर तक कराया जाएगा घर-घर सर्वे
क्रासर
एक रसोई, एक परिवार के आधार पर दिया जाएगा लाभ
13 को गांव में लगेगी सूची और 14 को होगी खुली बैठक