सीओ जियाउल हक की हत्या से पुलिस अकादमी में हर शख्स की आंखें नम हैं। अफसर उनकी शहादत को यादगार बनाने के लिए आतुर हैं। फैसला किया गया है कि अब उनके नाम पर अवार्ड दिया जाएगा। यह अवार्ड ट्रेनिंग करने वाले बेस्ट कैडेट को मिलेगा। अकादमी के डायरेक्टर (एडीजी) एके जैन ने बताया कि प्रस्ताव बनाया गया है। ट्रेनिंग मुख्यालय से संस्तुति मिलते ही इस बार की पासिंग आउट परेड से यह अवार्ड घोषित किया जाएगा।
कुंडा में सीओ जियाउल हक की हत्या को लेकर लखनऊ से दिल्ली तक हलचल है। वहीं हक को करीब से जानने वाले लोग आज भी अपने आंसू रोक नहीं पा रहे हैं। घटना को याद करके चेहरे तन जाते हैं। हर जुबान पर बस एक ही बात है, हत्यारों को सख्त से सख्त सजा मिले।
वहीं पुलिस अकादमी ने भी अपने इस जांबाज सीओ की याद में एक अवार्ड जारी करने का फैसला किया है। पुलिस अकादमी के डायरेक्टर एके जैन का कहना है कि जियाउल हक अनुशासित थे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनके व्यवहार को लेकर आज भी चर्चा होती है। लिहाजा जियाउल हक के नाम से अवार्ड दिया जाएगा। अकादमी में ट्रेनिंग कर रहे 54 डिप्टी एसपी का प्रशिक्षण मार्च में पूरा होने जा रहा है। 22 मार्च को पासिंग आउट परेड कराई जानी है।
परेड के दौरान अब तक आउटडोर और इनडोर विषयों में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार दिया जाता रहा है। बेस्ट कैडेट अवार्ड भी मिलता है। लेकिन इस बार वीर जियाउल हक अवार्ड भी दिया जाएगा। अफसरों का कहना है कि जियाउल हक ने अकादमी में फरवरी 2010 से ट्रेनिंग शुरू की थी। एक साल यहां प्रशिक्षण लिया। जनपदों में तैनाती के दौरान भी अकादमी के प्रशिक्षकों से लगातार संपर्क बनाए रहते थे।