फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवाओं को जगाना है, झांसी को नशामुक्त बनाना है

Thu, 13 Aug 2015 12:31 AM IST
झांसी / ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई द्वारा रैली, नाटक एवं लिंग भेद, घरेलू हिंसा, यौन शोषण, यौन हिंसा व युवाओं की फिजिकल फिटनेस पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसके अलावा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर निबंध प्रतियोगिता तथा बेटी बचाओ व एचआईवी/एड्स पर चित्रकला प्रतियोगिता भी हुई।
विज्ञापन

पुलिस लाइन से शुरू हुई रैली राजकीय संग्रहालय पहुंच कर समाप्त हुई। रैली के साथ नशा मुक्ति एवं कन्या भ्रूण हत्या पर युवाओं द्वारा नाटक का मंचन भी किया गया। राजकीय संग्रहालय में हुई गोष्ठी में शासकीय अधिवक्ता कुंज बिहारी गुप्ता ने लिंग भेद के कानूनी पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि अल्ट्रासाउंड तकनीक का प्रादुर्भाव गर्भस्थ शिशु के डायग्नोसिस के लिए किया गया था, लेकिन वर्तमान में अल्ट्रासाउंड पद्धति का प्रयोग भ्रूण हत्या में लिंग की जांच करने में किया जा रहा है। जो कि दंडनीय अपराध है, जिसमें पांच वर्ष तक की जेल तथा एक लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान है। समाज सेविका डॉ. संध्या चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि व्यक्ति के कर्म से उसकी पहचान होती है, पीढ़ी से नहीं। फिर हम क्यों भ्रूण में ही कन्याओं की हत्या करवा देते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सविता दुबे ने कहा कि युवाओं की शक्ति एवं ऊर्जा का सही दिशा में इस्तेमाल करके देश का सर्वांगीण विकास संभव है।
युवा शक्ति एवं सही अनुभव के उचित समन्वय से भारत जल्द ही विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में अग्रणी होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार यादव ने संगोष्ठी में उपस्थित जनसमूह को धन्यवाद देते हुए बेटियों के जन्म पर घरों में उत्साह मनाने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि यदि बेटी नहीं होती तो हम कहां से आते। युवाओं को सही शिक्षा दी जाए तो समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर किया जा सकता है। बीएसए सर्वदानंद ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि किसी भी विचार को तब तक उपयोगी न माना जाए, जब तक स्वयं प्रमाणित न कर लो। जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव शर्मा ने घरेलू एवं यौन हिंसा को रोकने का संदेश दिया।
विज्ञापन

मंडलीय परियोजना प्रबंधक आनंद चौबे ने युवाओं को ऊर्जा का श्रोत बताते हुए समाज के उत्थान में उनके सही इस्तेमाल पर जोर दिया। इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सीएमओ ने पुरस्कृत किया। जिला कम्यूनिटी प्रबंधक प्रशांत वर्मा ने निर्देशन में कार्यक्रम की व्यवस्थाएं की गईं। इस दौरान अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक ऋषिराज सिंह मौजूद रहे। वहीं, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक धीरज गुप्ता, रविंद्र पस्तोर, प्रवीण दुबे, आशीष बिदुआ, धर्मेंद्र कुमार, डॉ. सुखदेव, पवन नामदेव, ललित मोहन, विजयश्री शुक्ला ने सहयोग दिया तथा मंच संचालन डॉ. बीके जैन ने किया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें