मऊरानीपुर। ग्राम घाटकोटरा में एक युवक की संदिग्ध अवस्था में माैत हो गई। मृतक युवक का शव ग्राम पठा मोड़ पर सड़क पर पड़ा मिला। जानकारी के अनुसार मृतक राजेश पुत्र मुरली निवासी ग्राम घाटकोटरा का शव दिन में लगभग 1 बजे ग्राम पठा मोड़ सड़क पर पड़े होने की सूचना उसके भाई अवधबिहारी को मिली। अवधबिहारी उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट सकेगा। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरमुख सिंह ने बताया कि राजेश कबूतरा डेरा में काम करता था। उसकी पत्नी कुछ वर्षों पूर्व उसे छोड़कर चली गई थी। मृतक युवक शराब पीने का आदि था, उसके छोटे भाई की भी कुछ दिन पूर्व मृत्यु हो गई थी, मृतक तीन भाई थे। संवाद
ऊंचाई से गिरने से युवक घायल
मऊरानीपुर। ऊंचाई से गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार श्यामलाल निवासी ग्राम बंगरा पारा को घायल अवस्था सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बताया गया कि अचानक ऊंचाई से गिरने से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर उसे मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया।
जहरीला पदार्थ निगलने से युवक की हालत बिगड़ी
मऊरानीपुर। जहरीला पदार्थ निगलने से एक युवक की हालत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार चंद्रभान निवासी ग्राम मदरवास को दीपेश कुशवाहा द्वारा गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बताया गया कि चंद्रभान ने परिजन से क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर उसे मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। संवाद
सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल
मऊरानीपुर। क्षेत्र में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मोहन निवासी ग्राम गुढ़ा, संदीप निवासी रावतपुरा, राजेश निवासी विजयपुरा को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बताया गया कि तीनों मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल हो गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर मोहन को मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। संवाद
मिट्टी खनन करते जेसीबी पकड़ी, 6 ट्रैक्टर मौके से भागे
फोटो नं0 1, 2
मऊरानीपुर। नायब तहसीलदार ने मिट्टी का खनन करते एक जेसीबी पकड़ी एवं 6 ट्रैक्टर मौके से भाग गए। नायब तहसीलदार अमित कुमार मुदगिल ने बताया कि बुधवार को ग्राम ढकरवारा प्रधान एक मामले की जांच करने गए थे। इसी बीच एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें ग्राम भानपुरा में जेसीबी से मिट्टी खनन किया जा रहा था। जिसे लेकर सांयकाल उक्त स्थल पर पहुंचा, जहां जेसीबी से मिट्टी खनन किया जा रहा था एवं लाइन से खड़े 6 ट्रैक्टरों में मिट्टी लोड की जा रही थी। ट्रैक्टर चालक देखते ही वाहन लेकर भाग गये। जेसीबी चालक वाहन पर चाबी लगी छोड़कर मौके से भाग गया, अन्य चालक से जेसीबी को लाकर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। ट्रैक्टरों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ट्रैक्टरों को पकड़ने में जुटी है। मामले की सूचना खनन विभाग को भेज दी गई है। संवाद