झांसी। ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से उसके नीचे दबे युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक घर का कमाऊ सदस्य था। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
भगवंतपुरा निवासी हेमंत रायकवार (27) मजदूरी करता था। कुछ दिनों से वह गांव के हरी यादव के ट्रैक्टर पर मजदूरी कर रहा था। शुक्रवार की शाम रेलवे माल गोदाम से ट्रैक्टर ट्रॉली में सीमेंट की बोरियां लोड की गईं। माल बड़ागांव गेट बाहर एक दुकान पर उतारना था। ट्रैक्टर हरी का बेटा संजय चला रहा था। जबकि, हेमंत ट्रॉली में सीमेंट की बोरियों के ऊपर बैठा हुआ था। रास्ते में अशोक सनफ्रान सिटी के पास ट्रॉली पलट गई, जिससे हेमंत बोरियों के नीचे दब गया। उसे मशक्कत के बाद बोरियों के नीचे से निकाला जा सका। उसे इलाज के लिए मेडिकल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
हेमंत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता नारायणदास दिव्यांग हैं। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। हेमंत ही घर का कमाऊ सदस्य था। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
दुष्कर्म का आरोपी हत्थे चढ़ा
झांसी। रक्सा थाने में बीते रोज शुक्रवार को एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें उसने बताया था कि बृहस्पतिवार की दोपहर वो बकरियां चरा रही थी। इसी दरम्यान गुढ़ा ढिमरपुरा निवासी युवक नंदकिशोर ने उसे बुरी नीयत से पकड़ लिया था। महिला ने दुष्कर्म का भी आरोप लगाया था। शनिवार को रक्सा थाना पुलिस ने आरोपी को शिवगढ़ मवई मोड़ पर गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो
गोवंश तस्कर गिरफ्तार
झांसी। रक्सा थाना पुलिस ने 15 जून को कंटेनर में हत्या के लिए ले जाया जा रहा गोवंश पकड़ा था। गोवंश की तस्करी का आरोपी कौशांबी जनपद के थाना कोखराज के बड़ी धन्नी इलाके का निवासी रिजवान तब से लगातार फरार चल रहा था। शनिवार को रक्सा थाना पुलिस ने उसे मय कार के गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो
लेनदेन के विवाद में मारपीट
झांसी। ओरछा गेट बाहर निवासी हाजी सलीम कुरैशी बकरा मंडी में ईद के लिए बकरा खरीदने गए हुए थे। यहां लेनदेन में उनका बकरा विक्रेताओं से विवाद हो गया। आरोप है कि विक्रेताओं ने उनके साथ जमकर मारपीट कर दी। पीड़ित ने घटना की शिकायत थाना कोतवाली पुलिस से की है। ब्यूरो