फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेटे का जन्मदिन मनाने की तैयारी में जुटे पिता को धक्का देकर गिराया, मौत

विज्ञापन
सोनू, मृतक।
विज्ञापन
झांसी। पांच वर्षीय बेटे के जन्मदिन की तैयारियोें में जुटे पिता को मकान मालिक ने दूसरी मंजिल की सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया। नीचे गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आ गई। घायल युवक तीन दिन से अस्पताल में भर्ती था जहां उसकी बीती रात मौत हो गई। उसकी मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन

कोतवाली के थापक बाग मोहल्ला निवासी मनोज साहू के घर में सोनू (32) अपनी पत्नी नीलम और बेटी गौरी (4) एवं पुत्र राज (5) के साथ किराए पर रहता था। सोनू वेल्डिंग का काम करता था। परिजनों के मुताबिक उसके बेटे राज का 24 अक्तूबर को जन्मदिन था। उसका जन्मदिन मनाने के लिए 23 तारीख को सोनू कमरे की सजावट में जुटा था। परिजनों का कहना है मकान मालिक मनोज की बेटी की शादी भी 7 दिसंबर को तय है। मकान मालिक 23 को ही किराया मांगने सोनू के कमरे में चला आया लेकिन, सोनू ने किराए की तारीख पर ही पैसा देने की बात कही। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। सोनू दूसरी मंजिल की सीढ़ी पर खड़ा था।
तैश में आकर मनोज ने सोनू को धक्का दे दिया। सोनू संभल नहीं सका और लड़खड़ाते हुए नीचे गिर गया। उसके सिर एवं हाथ, पांव में गंभीर चोट आ गई। लहूलुहान हाल में सोनू को घायल देखकर मनोज के होश उड़ गए। पड़ोस के लोग भी आ जुटे। घायल सोनू को मनोज अपने साथ लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। यहां से उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। उधर, उसकी गंभीर हालत को देखकर मनोज घबड़ा गया और फरार हो गया। सोनू दो दिन तक अस्पताल में भर्ती रहा। यहां बृहस्पतिवार रात उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। उसने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पत्नी नीलम की तहरीर पर पुलिस ने मकान मालिक मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर, सोनू की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। पत्नी नीलम समेत उसके छोटे-छोटे बच्चों का रोते-रोते बुरा हाल हो गया। वह घर का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने संकट पैदा हो गया।
विज्ञापन

आरोपी गिरफ्तार, खुशियों वाले घर में पसरा मातम
सोनू की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी मकान मालिक मनोज साहू को देर-रात गिरफ्तार कर लिया। परिजनों का कहना है मनोज की पुत्री का सात दिसंबर को विवाह तय था। उसकी तैयारियों में पूरा परिवार जुटा था। घर के लोग निमंत्रण पत्र बांटने के साथ खरीददारी में जुटे हुए थे। शादी से पहले ही घर में रौनक छाई हुई थी लेकिन, तैश में उठाया गया एक कदम पूरे परिवार पर भारी पड़ गया। सोनू की मौत एवं मनोज की गिरफ्तारी के बाद पूरे घर में मातम पसर गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें