सुकुवां-ढुकुवां बांध में शनिवार शाम को पिकनिक मनाने पहुंचा बबीना के आंबेडकर नगर निवासी धर्मेंद्र अहिरवार (28) पुत्र प्रीतम बेतवा नदी के तेज बहाव में बह गया। नदी के तेज बहाव के बीच पुलिस कई घंटे उसे तलाशती रही, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। उसके लापता होने की सूचना पर परिवार के लोग भी रोते-बिलखते वहां पहुंच गए।
बुंदेलखंड में कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते बेतवा नदी उफनाई हुई है। बबीना स्थित सुकुवां-ढुकुवां बांध से रोजाना एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। शनिवार शाम करीब पांच बजे धर्मेद्र अपने दोस्त दोस्त दिलीप कुशवाहा पुत्र काली दीन एवं सोनू अहिरवार के साथ पिकनिक मनाने सुकुवां-ढुकुवां बांध पहुंचा था।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है तीनों बांध में सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान धर्मेंद्र नहाने के लिए अंदर चला गया। उसके दोस्तों का कहना है धर्मेंद्र तैरना जानता है लेकिन कुछ देर बाद धर्मेंद्र ओझल हो गया। यह देख उन लोगों ने शोर मचाया। पानी के तेज बहाव की वजह से किसी के बांध के अंदर जाने की हिम्मत नहीं हुई। सूचना मिलने पर बबीना थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय पुलिस फोर्स के साथ जा पहुंचे। पुलिस ने कई घंटे उसे तलाशा लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
उधर, हादसे की सूचना पर परिवार के लोग भी रोते-बिलखते पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र के पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी। दो भाइयों में धर्मेंद्र छोटा है। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय का कहना है कई घंटे तलाशने के बाद भी युवक के बारे में अभी तक मालूम नहीं चल सका। उसे तलाशा जा रहा है।