झांसी। भतीजी की सगाई में शामिल होने के लिए बुआ के घर जा रहे दतिया निवासी नंदराम अहिरवार (42) को शनिवार देर-रात सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के करारी गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। नाजुक हालत में उसे मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन को तलाशने में जुटी है।
दतिया के उनाव थाना क्षेत्र के भदेवरा गांव निवासी नंदराम अहिरवार पुत्र गरीबे प्राइवेट काम करके जीविकोपार्जन करता था। परिवार में पत्नी समेत दो बेटे नीरज, राज समेत बेटी सीता हैं। तीनों पढ़ाई कर रहे हैं। परिजनों ने बताया कि नंदराम की बुआ थाना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के अंबाबाय गांव में रहती हैं। शनिवार को बुआ के घर से उसकी भतीजी की सगाई होनी थी। इसमें शामिल होने के लिए नंदराम अकेले झांसी पहुंचा, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे पहले ही बुआ के घर पहुंच गए थे।
गणेश चौराहे पर पहुंचकर नंदराम पैदल करारी की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि देर-रात करारी गांव के पास पहुंचने से पहले ही उसे पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। लहूलुहान हाल में वह सड़क पर पड़ा रहा। राहगीरों की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। घायल नंदराम को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिवार में रोना-पिटना मचा है। परिवार में नंदराम ही अकेले कमाने वाला सदस्य था। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे के मुताबिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की तलाश की जा रही है।