झांसी। बुधवार को अलीगढ़ के एक युवक ने बिजौली रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर जान दे दी। परिवार वालों ने बताया कि वह एक माह से झांसी में रहकर रेलवे ठेकेदार के पास काम करता था। पुलिस का कहना है कि युवक ने आत्महत्या की है। अभी वजह साफ नहीं हो सकी है। जबकि साथ रहने वाले दोस्त का कहना है कि उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
अलीगढ़ के मेहरावल गांव निवासी 20 वर्षीय राकेश राजपूत एक माह पहले काम के सिलसिले में झांसी आया था। वह यहां बिजौली में रहकर रेलवे के ठेकेदार के पास रेल सिग्नल का काम करता था। उसके साथ रहने वाले दोस्त नीरज उपाध्याय ने बताया कि उसका एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। राकेश कई-कई घंटे मोबाइल पर उस युवती से बात करता रहता था। वह युवती भी उसके पास झांसी आने की जिद कर रही थी। वह उसे समझाता रहता था लेकिन वह साथ रहने की जिद पर अड़ी थी। इससे वह काफी परेशान चल रहा था। मंगलवार को युवती ने फोन करके कहा कि वह घर से झांसी आने के लिए निकल पड़ी है। राकेश को डर था कि अगर युवती उसके पास आ गई तो उसके घर वाले उसे गुनहगार समझेंगे। इसी डर में बुधवार को वह बिना कुछ बताए कमरे से निकल गया और बिजौली स्टेशन के पास ही ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। यहां राकेश की मौत की सूचना पर पिता नहरू राजपूत और चाचा शिशुपाल झांसी पहुंच गए। चाचा ने बताया कि राकेश परिवार में सबसे बड़ा था।