झांसी के प्रेमनगर के गढ़िया गांव में एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ कर न्याय की गुहार लगाने लगा। युवक के शोर को सुनकर आसपास भीड़ एकत्रित होने लगी। बताया जा रहा है कि मकान पर दबंगों के कब्जे करने के बाद कहीं सुनवाई ना होने के चलते युवक नाराज था। इसी को लेकर गुरुवार सुबह पानी की टंकी पर चढ़ गया। यहां चढ़कर वह मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाने लगा।
युवक राजकुमार राजपूत का कहना है कि उसके मकान पर एक दबंग व्यक्ति ने कब्जा जमा लिया है। इसकी शिकायत लेकर वह थाने पहुंचा। लेकिन, उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। पुलिस टालमटोल कर रही है। उसके पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर संजय शुक्ला पुलिस बल समेत मौके पर पहुंचे। उसे समझा-बुझाकर उतारने की कोशिश की गई। मौके पर पहुंचे तहसीलदार के आश्वासन के बाद युवक को नीचे उतरा गया।