फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: बहन की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक और दो दोस्तों की हादसे में मौत

Wed, 11 Nov 2026 11:43 AM IST
झांसी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, झांसी
विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। बहन की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार देर रात प्रेमनगर थाना क्षेत्र में ललितपुर-रक्सा बाईपास पर दुर्गापुर गांव के पास सड़क पर खड़े डंपर में उनकी बाइक पीछे से जा घुसी। हादसे में प्रेमनगर के पुलिया नंबर नौ निवासी राज सेंगर (23), हर्ष (21) और आयुष (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस तीनों को मेडिकल अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीनों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन

राज की छोटी बहन काजल की शादी 25 नवंबर को तय हुई है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। मंगलवार शाम करीब चार बजे राज अपने दोस्तों हर्ष और आयुष के साथ बाइक से तालबेहट गया था। तीनों ने रिश्तेदारों और परिचितों को शादी के कार्ड बांटे। रात करीब आठ बजे वे झांसी लौटने के लिए निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब दस बजे दुर्गापुर गांव के पास ललितपुर-रक्सा बाईपास पर सड़क किनारे खराब हालत में डंपर खड़ा था। बाइक सवार उसे देख नहीं सके और तेज रफ्तार में पीछे से डंपर में जा घुसे।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर डंपर में फंस गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तीनों युवक सड़क पर लहूलुहान पड़े थे। उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें मेडिकल अस्पताल ले गई। सीओ सिमरन सिंह के मुताबिक, हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन



बहनों के बीच इकलौते भाई थे हर्ष और आयुष
हादसे में जान गंवाने वाले हर्ष और आयुष अपनी-अपनी बहनों के बीच इकलौते भाई थे। हर्ष के पिता मुन्ना लाल परिवार के साथ गुरसराय में रहते हैं। चार बहनों में हर्ष अकेला भाई था। वह करीब आठ-दस साल से अपने जीजा अजय के साथ प्रेमनगर के पुलिया नंबर नौ के पास रह रहा था। यहीं उसकी दोस्ती राज और आयुष से हुई थी। हर्ष लकड़ी का काम जानता था और इससे परिवार की मदद करता था। उसकी मौत की खबर से बहनों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

राज के पिता बाबूलाल सेंगर की कई साल पहले मौत हो चुकी थी। पिता के निधन के बाद से राज ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसने मेहनत करके बहन काजल का रिश्ता तय किया था और शादी की तैयारियों में जुटा था। वहीं, तीनों दोस्तों में आयुष सबसे छोटा था। वह अक्सर राज और हर्ष के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार, आयुष बिना बताए उनके साथ गया था। पिता संतोष ने पूछा तो उसने कुछ देर में लौट आने की बात कही थी। आयुष भी तीन बहनों में इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर सुनकर बहनों और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
-

बहन की शादी के लिए खरीदी थी नई बाइक
राज अपनी बहन काजल की शादी की तैयारियों में जोर-शोर से जुटा था। मंगलवार को ही उसने नई अपाचे बाइक खरीदी थी। बाइक घर लाने के बाद उसे खड़ा किया और दोस्तों के साथ शादी का कार्ड बांटने तालबेहट निकल गया। इसी दौरान लौटते समय हादसे में उसकी और उसके दोनों दोस्तों की जान चली गई। जिस घर में कुछ दिन बाद शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां तीन दोस्तों की मौत से मातम पसरा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें