संवाद न्यूज एजेंसी
बरुआसागर। थाना बरुआसागर क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोलवा के हनुमान खिरक में करंट की चपेट में आने से दयाराम के पुत्र कैलाश कुशवाहा की (38) की मौत हो गई। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
हनुमान खिरक निवासी कैलाश कुशवाहा बुधवार को अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत से निकली विद्युत डोरी की चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने कैलाश को मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि मृतक अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की असमय मौत से परिजनों के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बरुआसागर थाने के उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।