किला मार्ग पर राज 11.30 कड़ाके की ठंड में सुरक्षा आमजन की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस।
झांसी। ठंड की रात और सर्द हवाओं के थपेड़े घर के अंदर भी लोगों को कंपकंपा रहे हैं। जरा सोचिए रात में शीतलहर के बीच ड्यूटी करने वाले पुलिसवालों को कैसा लगता होगा। सर्द रात में महानगर के कई चौराहों पर पहुंचकर अमर उजाला ने पड़ताल की। यहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सड़कों पर कड़ाके की ठंड में ठिठुरने के साथ ड्यूटी करते मिले। महानगर के खंडेराव गेट, सराफा बाजार, बड़ाबाजार, बीकेडी चौराहा, बस स्टैंड, जेल चौराहा, सीपरी बाजार के रस बिहार, नंदनपुरा में पुलिसकर्मी अलाव के बीच ड्यूटी करते मिले।
रात 11.30 बजे : स्थान - किला रोड
कोतवाली पुलिस के जवान किला रोड पर भीषण ठंड में ड्यूटी पर हैं। आने जाने वालों में किसी के संदिग्ध लगने पर उनकी जांच करते हैं। पुलिसकर्मियों ने बातचीत में बताया कि ठंड हो या गर्मी क्या फर्क पड़ता है। ड्यूटी तो निभानी ही है।
रात 11.45 बजे : स्थान - आईटीआई अंडर ब्रिज
सीपरी बाजार पुलिस की चीता गाड़ी के जवान गश्त पर हैं। दूर-दूर कोई नजर नहीं आ रहा, लेकिन सुरक्षा का पूरा ध्यान रखते हुए गश्त की जा रही है। बाइक पर चलना भी दुश्वार है, लेकिन फिर भी लोगोें की सुरक्षा के लिए ड्यूटी कर रहे हैं।
रात 12.10 बजे स्थान - गोविंद चौराहा
नवाबाद पुलिस चौराहा पर मुस्तैद है। यहां अलाव के पास खड़े होकर ड्यूटी कर रहे हैं। कभी गाड़ी में बैठ जाते हैं तो कभी पैदल आगे बढ़कर नजर भी रखते हैं। हर आने वाले पर नजर रखने के साथ संदिग्ध से पूछताछ करते हैं।