अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महानगर के गंदीगर का टपरा, मानिक चौक, चौधरयाना, बड़ा बाजार, सराफा बाजार, रानी महल, झोकनबाग, शहर, टोरिया, एवट कंपाउंड, खुशीपुरा, सैंयर गेट, आईटीआई, सर्वनगर, सीपरी बाजार समेत कई मोहल्लों में लोग पीला पानी आने से परेशान हैं। उनका कहना है कि पीला पानी आने से उनको पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी यह समस्या सुलझ नहीं रही है।
महानगर में पहूज समेत माताटीला बांध से मिले पानी से जलापूर्ति होती है। हर साल गर्मी के सीजन में पीले पानी की समस्या होती है। जल निगम के अफसरों का कहना है कि माताटीला बांध में जलस्तर नीचे जाने से पानी में घुलने वाली ऑक्सीजन कम हो जाती है। उनका दावा है कि इससे सिर्फ रंग पीला होता है लेकिन, पानी पीने लायक रहता है।
करीब 15 दिनों से तमाम मोहल्लों के लोग पीला पानी आने से परेशान हैं। आईटीआई के पास रहने वालीं नीति शिवहरे, सन्ध्या त्रिपाठी, राजेश शुक्ला आदि का कहना है कि कई दिनों से यह समस्या हो रही है। कई बार शिकायत की लेकिन समस्या बनी हुई है। एक्सईएन मुकेश पाल का कहना है बबीना स्थित प्लांट से साफ पानी भेजा जा रहा है। पानी की नियमित टेस्टिंग भी कराई जा रही है।
000
पीले पानी को साथ लेकर पहुंचे पार्षद
फोटो
पूर्व उपसभापति सुनील नैनवानी की अगुवाई में पार्षदों ने अधिशासी अभियंता मुकेश पाल से मिलकर पीले पानी की समस्या के बारे में बताया। पार्षद अपने साथ पीले पानी से भरी बोतल भी लेकर गए थे। भाजपा पार्षद बंटी सोनी ने कहा कि पीले पानी की वजह से लोग 15 दिनों से परेशान हैं। इस पानी से कपड़े धुलने पर वह खराब हो गए। नहा भी नहीं पा रहे। बाहर से लोगों को पानी मंगाना पड़ रहा है। पूर्व उपसभापति सुनील नैनवानी ने भी इस पर नाराजगी जताते हुए समस्या दूर कराने की मांग की। पार्षदों की शिकायत सुनने के बाद अधिशासी अभियंता अपने साथ पार्षदों को लेकर रिजर्व वाटर टैंक पहुंचे। पार्षदों को भी यहां का पानी दिखाया।