झांसी। बस की टक्कर से घायल हुआ युवक एक घंटे तक सड़क पर पड़ा तड़पता रहा। एंबुलेंस को बुलाने के लिए पांच फोन किए गए। लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। बाद में घायल को ऑटो से जिला अस्पताल भिजवाया गया। एंबुलेंस न पहुंचने से नाराज लोगों ने काफी देर तक हंगामा किया। यहां पहुंचे एसीएम को भी भीड़ की नाराजगी का सामना करना पड़ा।
नंदनपुरा मसीहागंज निवासी शोभाराम (32) पुत्र रामदयाल किसी काम से जा रहा था। जब वह नंदनपुरा पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तो पीछे से आ रही एक प्राइवेट बस से टक्कर मार दी। उसके पैर को कुचलते हुए बस गुजर गई थी। हादसे के बाद चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। कुछ ही देर में यहां भारी भीड़ जुट गई। यहां मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस को बुलाने के लिए फोन लगाए लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि पांच बार फोन लगाया था। इसी दौरान इधर से गुजर रहे एसीएम अतुल कुमार भीड़ जमा देखकर यहां रुक गए। उन्होंनेे एंबुलेंस को फोन किया। बाद में पुलिस भी पहुंच गई। बाद में आटो से घायल शोभाराम को जिला अस्पताल भेजा गया।