गरौठा। ग्राम सिमरधा में सेनानी विराट किसान मेला में आयोजित अंतर प्रदेशीय दो दिवसीय अखिल भारतीय दंगल प्रतियोगिता के प्रथम दिन में 26 रोमांचक मुकाबले हुए। रोमांचक इनामी मुकाबला बुंदेलखंड केशरी श्यामजी पहलवान गौंती, जौनी पहलवान इटावा केशरी के बीच हुआ। इसमें श्यामजी पहलवान गौंती ने रोमांचक मुकाबले में इटावा पहलवान को पटखनी देकर वाहवाही लूटी।
अन्य मुकाबलों में भान डिकौली ने नीतेश कानपुर को, लवकुश कर्वी ने छोटू पन्ना को, ऋतिक डिकौली ने छोटू यादव निपान को, दीनदयाल डिकौली ने शिवचरण कन्नौज को, प्रीतम हरदोई ने सुरेश कानपुर, महाराज सिंह जालौन ने रामप्रसाद कानपुर, विनोद बांदा ने पप्पू एरच को, गोलू मेरठ ने रवि अलीगढ़ को, गौरव हाथरस ने कुलदीप दिल्ली को, हाशिम कन्नौज ने वीके राजस्थान को हराया। किशुन कानपुर एवं ओमप्रकाश कानपुर के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। आकर्षण का केंद्र रहीं महिला पहलवान नम्रता गोरखपुर ने बरप्रीत पंजाब को हराकर तालियां बटोरीं।
दंगल का शुभारंभ एमएलसी रमा आरपी निरंजन ने किया। इस मौके पर उन्होंने भारतीय संस्कृति को जीवंत रखने के लिए दंगल के आयोजन पर बधाई दी एवं शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़े गौरवशाली सेनानी ग्राम सिमरधा के उच्च प्राथमिक विद्यालय के अगले वित्तीय वर्ष में उच्चीकरण कराकर हाई स्कूल खोलवाए जाने का पूर्ण रूप से भरोसा दिया। क्षेत्रीय विधायक जवाहरलाल राजपूत ने प्रथम दंगल का समापन किया। संवाद