झांसी। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में आधी आबादी का खासा दबदबा रहा। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जिले के आठ ब्लॉकों में से पांच की कुर्सी पर महिलाएं काबिज होने में कामयाब हो गईं हैं।
महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अपनी सफलता का परचम फहरा रही हैं। राजनीति में भी उनकी हिस्सेदारी लगातार बढ़ती जा रही है। खासतौर पर जिले के ग्रामीण क्षेत्र की सियासत में महिलाओं ने पुरुषों का पीछे छोड़ दिया है। जिले के ब्लॉक प्रमुख के आठ पदों में से पांच पर महिलाओं ने जीत हासिल की है। इनमें बबीना से बबीता यादव, बड़ागांव से रचना राजपूत, गुरसराय से पद्मा पटेल, बंगरा से भारती आर्या और मोंठ ब्लॉक की ब्लॉक प्रमुख प्रभा देवी बनी हैं।
घूंघट की ओट में आईं प्रमाण पत्र लेने
झांसी। ब्लॉक प्रमुख की जिले की आधे से ज्यादा सीटों पर भले ही महिलाएं काबिज हो गईं हैं। लेकिन, एक - दो को छोड़ दिया जाए, तो बाकी सभी पति या परिवार की राजनीति के भरोसे पर इस मुकाम तक पहुंची हैं। शनिवार की शाम कलक्ट्रेट में अपना जीत का प्रमाण पत्र लेने पहुंची ज्यादातर महिला ब्लॉक प्रमुख अपने चेहरे को घूंघट की ओट में छिपाए रहीं। इतना ही नहीं, जीत की बधाई व हार-माला उनके पति या परिवार के अन्य सदस्य ही पहनते नजर आए। ये महिलाएं दूर खड़ी होकर ये सब देखती रहीं। वे ये तक नहीं बता पा रहीं थीं कि आगे उन्हें क्या करना है। ज्यादा सवाल पूछने पर वे पति या साथ आए परिजनों की ओर देखती नजर आईं। परिजन भी उन्हें पीछे कर खुद आगे बढ़कर मीडिया से बातचीत करते रहे। इन महिलाओं की भूमिका प्रमाण पत्र लेने की औपचारिकता भर तक सीमित रही। इस दौरान भी वे बेहद सहमी से बनी रहीं। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ब्लॉक प्रमुखी का कामकाज भी उनके परिवार के लोग ही चलाएंगे।