झांसी। महिलाओं से जुड़े मामलों व घटनाओं में भी महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचेंगी। महिला सुरक्षा के चलते अब जिले की सभी पीआरवी (डायल 112) में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। शुरूआत में यह सुविधा महानगर की पांच पीआरवी में है। लेकिन, जल्द ही सभी गाड़ियों में तैनाती की तैयारी शुरू कर दी गई है। पुलिस लाइन में जल्द सभी की ट्रेनिंग भी शुरू होने जा रही है।
महिलाएं अब डायल 112 गाड़ी पर सवार महिला पुलिसकर्मी को भी अपनी समस्या बेझिझक बता पाएंगी। दरअसल, अब तक महिलाएं अपनी समस्या पुरुष पुलिसकर्मियों को नहीं बता पा रही थीं। इसके चलते शासन की ओर से जिले की सभी डायल 112 पर महिला पुलिसकर्मी की तैनाती का निर्णय लिया गया है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 45 गाड़ियों का संचालन होता है। शुरूआती चरण में नवाबाद, सदर बाजार, कोतवाली व सीपरी बाजार की एक-एक गाड़ी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा चुकी है।
जिले में महिला पुलिसकर्मी पर्याप्त संख्या में तैनात हैं। जल्द ही सभी गाड़ियों में तैनाती की जाएगी। इनमें चालक व एक पुरुष पुलिसकर्मी के साथ दो महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। महिला पीआरवी बैकअप के तौर पर अन्य पीआरवी की मदद भी करेंगी। महिला पीआरवी सामान्य गश्त के साथ ही किसी आपात स्थिति में भी सक्रिय रहेंगी।
जल्द ही महिला पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग पुलिस लाइन में होगी। ट्रेनिंग मेरी देखरेख में होगी। ट्रेनिंग में डायल 112 की ड्यूटी करने के गुर सिखाए जाएंगे। महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी केवल दिन में होगी।
- राहुल मिठास, एसपी देहात