संवाद न्यूज एजेंसी
पूंछ। कस्बा में सोमवार को शाम नेशनल हाईवे पर सड़क पार करते समय एक महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला का शव ट्रक के दोनों पहियों के बीच फंस गया और शरीर के दो हिस्से हो गए।
सोमवार शाम करीब सात बजे लगभग 50 वर्षीय एरच के मलाईटोला निवासी गुड्डी देवी पत्नी पूरन झांसी की ओर से आए ट्रक से कस्बा पूंछ में उतरी थी। इसके बाद वह दूसरी रोड की ओर जाने के लिए नेशनल हाईवे पार कर रही थी। इसी बीच झांसी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक के पहियों के नीचे फंसे शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि मृतका की पहचान परिजनों के आने के बाद एरच के मलाई टोला निवासी गुड्डी के रूप में की गई। ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतका के परिजनों ने बताया कि वह किसी कार्य से झांसी आईं थी एवं वापस अपने घर ट्रक से लौट रहीं थीं। उन्होंने बताया कि हाईवे किनारे वह उतरीं और सड़क पार करने लगीं, तभी वह ट्रक की चपेट में आ गईं।