झांसी में पति द्वारा दूसरी शादी करने के शक में पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी। पति का कहना है कि शादी होने के पंद्रह साल बाद भी उन्हें संतान नहीं थी। इस वजह से वह कई बार गुस्से में आकर दूसरी शादी करने की बात जरूर कहता था, लेकिन उसने दूसरी शादी नहीं की है। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाए जाने से मौत की पुष्टि हुई है।
सीपरी बाजार पुलिस के मुताबिक नंदनपुरा निवासी गिरीश रायकवार (39) डेयरी चलता है। करीब पंद्रह साल पहले उसका विवाह भिंड निवासी राम अवतार की बेटी नीतू रायकवार (32) से हुआ था। दोनों यहां नंदनपुरा में रहते थे। नीतू के परिजनों का कहना है शादी के कई वर्ष बीत जाने के बाद भी दपंती को संतान नहीं हुई। दोनों ने कई जगह इलाज कराया, लेकिन इसका भी फायदा नहीं हुआ। नीतू को ससुराल में इस बात के लिए अक्सर ताना मारा जाता था।