- पुलिस और सेना भर्ती की शारीरिक परीक्षा की तैयारी में हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
समथर। एक लाख के आबादी वाले नगर पालिका क्षेत्र में खेल मैदान न होने से युवाओं की प्रतिभा निखर नहीं पा रही है। क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को तराशने की जरूरत है, लेकिन खेल सुविधाएं तो दूर की बात अभ्यास के लिए ढंग का मैदान भी नहीं बन सका है।
समथर क्षेत्र से कई छात्र-छात्राएं प्रदेश स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं में ब्लॉक, जिला और मंडल से जीतते हुए प्रदेश के लिए चयनित हो चुके हैं। ये खिलाड़ी अंतिम मुकाबले में सफल नहीं हो सके। इसका प्रमुख कारण नगर में खेल मैदान की कमी है। क्षेत्र में ऐसी कोई जगह नहीं है जहां खिलाड़ी प्रतिदिन अभ्यास कर सकें।
रामकिशोर सरनाम कुशवाहा के अनुसार शिक्षा के साथ-साथ छात्र जीवन में खेलों का भी महत्वपूर्ण स्थान है। नगर में खेल मैदान का अभाव है। इससे खिलाड़ियों को उचित अवसर नहीं मिल पा रहा है। अगर खेल मैदान बनता है तो खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर मिलेगा।
प्रशांत दुबे ने बताया कि वर्तमान सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही है। वहीं, नगर में खेल मैदान नहीं होने से युवा खेलों का अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। नगर में खेल मैदान की सुविधा दी जाए जिससे युवा हुनर दिखाकर अपना नाम रोशन कर सकें।
धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि पुलिस, आर्मी में भर्ती की तैयारी के लिए नियमित अभ्यास की जरूरत होती है। नगर में खेल मैदान न होने से युवाओं को शारीरिक परीक्षाा की तैयारी में परेशानी आती है। इस वजह से सरकारी सेवा में चयन से ये वंचित रह जाते हैं।