झांसी। 15 फरवरी की रात 12 बजे से बगैर फास्टैग लगे चौपहिया व भारी वाहनों से दोगुना टोल टैक्स वसूलने का प्रावधान कर दिया गया है। बावजूद, तमाम वाहन चालक अभी भी ये लगवाने को तैयार नहीं हैं। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पिछले दो दिनों के भीतर टोल नाकों से दो हजार वाहन बगैर फास्टैग लगे गुजरे और इनसे दो लाख रुपये अतिरिक्त वसूल किए गए।
टोल टैक्स की शत प्रतिशत वसूली और इसमें पारदर्शिता लाने के लिए फास्टैग की व्यवस्था की गई है। फास्टैग का स्टीकर वाहन के अगले शीशे पर लगा दिया जाता है। गाड़ी के टोल नाके पर पहुंचते ही सेंसर के जरिये स्वत: वाहन स्वामी के खाते से टोल टैक्स की धनराशि कट जाती है। 15 फरवरी की रात 12 बजे से यह व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है। बगैर फास्टैग लगी गाड़ियों से दोगुना टोल टैक्स वसूलने का प्रावधान किया गया है। बावजूद, टोल नाकों से गुजरने वाली 10 से 15 फीसदी गाड़ियों में ये नहीं लगवाया गया है। ऐसी गाड़ियां दोगुना टोल टैक्स अदा कर टोल नाकों को पार कर रही हैं। दो दिन के भीतर डगरई, सिकंदरा, सेमरी व बबीना टोल प्लाजा से ऐसी दो हजार गाड़ियां गुजरीं, जिनसे दो लाख रुपये अतिरिक्त वसूली किए गए। इनमें से 90 फीसदी से अधिक गाड़ियां चौपहिया रहीं। इक्का - दुक्का भारी वाहन भी बगैर फास्टैग के गुजरे। जबकि, तमाम वाहनों में टोल नाके पर पहुंचकर फास्टैग लगवाया।
ऐसे लगवाएं गाड़ी में फास्टैग
झांसी। फास्टैग लगवाने की व्यवस्था टोल नाकों पर की गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय इलेक्ट्रानिक टोल संग्रह से अधिकृत बैंक सिंडिकेट, एक्सिस, एचडीएफसी, एसबीआई व आईसीआईसीआई बैंक से फास्टैग लिया जा सकता है। पेटीएम व www.fastag.org पर भी आवेदन किया जा सकता है। वाहन मालिक को आवेदन पत्र में आवेदक का नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई मेल आईडी, केवाईसी दस्तावेज विवरण (ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट या आधार कार्ड) में से एक कोई आईडी देनी होगी। वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र के साथ दो फोटो भी लगाने होंगे।
इसलिए नहीं लगवा रहे फास्टैग
झांसी। फास्टैग की व्यवस्था अनिवार्य होने के बाद से 85 फीसदी से अधिक गाड़ियों में ये लगा नजर आने लगा है। टोल नाकों से बगैर फास्टैग के गुजरने वाली ज्यादातर गाड़ियों में वे रही जिनके मालिक की जगह उन्हें और कोई चला रहा था। ऐसे लोग भी दोगुना टोल टैक्स अदा कर गुजरे, जिनका कभी कभार ही शहर से बाहर जाना होता है। कुछ ऐसी गाड़ियां भी टोल नाकों से गुजरी जिनके ड्राइवरों के पास पेपर नहीं थे।
टोल नाकों पर कैश लेन खत्म कर दी गईं हैं। टोल नाकों पर भी फास्टैग लगाने की व्यवस्था की गई है। तीन से पांच मिनट के भीतर फास्टैग तैयार हो जाता है। तमाम वाहन स्वामियों ने ये टोल नाकों पर लगवाया भी है। जो नहीं लगवा रहे, उनसे दोगुना टोल टैक्स वसूला जा रहा है।
- राजीव पाठक, परियोजना प्रबंधक - एनएचएआई