अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। चिलचिलाती धूप के साथ अब लोगों को लू के थपेड़े भी झेलने पड़ेंगे। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आगामी चार-पांच दिनों तक झांसी में 11 से 19 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं। शनिवार को अधिकतम पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात में भी तापमान बढ़ेगा।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस होने की वजह से सूरज के तेवर तल्ख रहे। धूप में निकलने पर बार-बार लोगों का गला सूखता रहा और प्यास बुझाने के लिए पानी, शिकंजी, गन्ने का जूस पीते रहे। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि अगले चार-पांच दिन तापमान में लगातार वृद्धि देखने को मिल सकती है। दिन में 11 से 19 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से लू चलने की भी संभावना है। अधिकतम पारा 41 से 43 डिग्री और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हालांकि, बीच-बीच में हल्के बादल भी छा सकते हैं। 27 और 28 मार्च को हल्की बारिश की संभावना है।
दोपहर एक से तीन बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. डीएस गुप्ता ने बताया कि अगर जरूरी न हो तो दोपहर एक से तीन बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। अगर घर से बाहर निकलें तो पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पी लें। गमछा आदि से सिर और मुंह ढककर ही बाहर निकलें। उन्होंने बताया कि सिर दर्द, उल्टी, चक्कर आना, बुखार, पसीना अधिक आना आदि लू के लक्षण हैं।
ये रह सकता है तापमान
..............................
दिन अधिकतम पारा
बुधवार 41
बृहस्पतिवार 42
शुक्रवार 42
शनिवार 43
रविवार 43
(नोट: पारा डिग्री सेल्सियस में।)