मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश दिया था कि15 जून तक सड़कें गड्ढामुक्त हो जाएं, लेकिन झांसी में ऐसा होना मुश्किल लग रहा है। हालात ये हैं कि अभी भी कई इलाकों में सड़कों पर बड़े पैमाने पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। नगर निगम का दावा है कि गड्ढे भरने का 80 पूरा हो चुका है। पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायत और मंडी समिति की परिधि की सड़कों की हालत ज्यादा खराब है। काम बेहद धीमा है।
मंडी समिति के पास 27 सड़कों को गड्ढामुक्त करने की जिम्मेदारी है। 66.65 किलोमीटर में से अब तक 31.20 किलोमीटर सड़क गड्ढा मुक्त हो गई हैं।
काम की रफ्तार धीमी है और लगता नहीं कि समय पर सड़कें गड्ढामुक्त हो पाएंगी। लोक निर्माण विभाग को 462.48 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करना था। विभाग को इसके लिए 2.96 करोड़ रुपये शासन से जारी हुए थे, लेकिन अभी भी साठ लाख रुपये की जरूरत है। शासन से पैसा नहीं मिलने के कारण पीडब्ल्यूडी ने काम धीमा कर दिया है। जिला पंचायत को 43 किलोमीटर सड़क पर पैचवर्क कराना है।
साथ ही 18 किलोमीटर में एक कोट गिट्टी डालकर इसे दुरुस्त करना है। ई-टेंडरिंग के कारण काम देर से शुरू हो सका। अभी तक 16 किलोमीटर सड़क गड्ढामुक्त हो सकी हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या चार दिन में 27 किलोमीटर सड़क दुरुस्त हो सकेगी? उधर, नगर निगम का दावा है कि शहर की अस्सी प्रतिशत सड़कें गड्ढा मुक्त हो गई हैं। बाकी एक-दो दिन में हो जाएंगी। पूर्व पार्षद संतोष कुशवाहा ने बताया कि बकरा मंडी रोड पर अभी भीे गड्ढे हैं।
ठेकेदार को चाहिए पैसा
पैसे की कमी के कारण सड़कों को गड्ढामुक्त करने का काम धीमी हो गया है। ठेकेदार बिना पैसा के काम करने में नानुकर कर रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द पैसा जारी हो जाएगा।
- वीके सेठ, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग
काम पूरा करने का दावा
सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का काम लगभग पूरा हो गया है। जहां से भी शिकायतें आ रही हैं, वहां पर काम कराया जा रहा है। कुछ सड़कें टेंडर में शामिल हैं, लेकिन शिकायत आने पर उन्हें भी सही कराया जा रहा है। उम्मीद है कि 15 जून से पहले काम पूरा हो जाएगा।
- एके शर्मा, अधिशासी अभियंता, नगर निगम
16 किलोमीटर काम पूरा
जिला पंचायत की सड़कों का पैचवर्क 16 किलोमीटर में पूरा हो गया है। बाकी 27 किलोमीटर का काम जल्द पूरा किया जा रहा है। ई-टेंडरिंग के कारण काम देर से शुरू हुआ था।
- कमलेश सिंह, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत