ओरछा (झांसी)। भाजपा की पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री नेता उमा भारती ने बुधवार को रामराजा सरकार के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने कहा कि 14 फरवरी को यज्ञ समाप्ति के बाद शराबबंदी के लिए अभियान चलाएंगी।
उत्तर प्रदेश चुनाव के सवाल पर उमा भारती ने कहा कि हवन समाप्ति के बाद पार्टी जहां की जिम्मेदारी सौंपेंगी वहां प्रचार करेंगे। उमा भारती ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी की जीत निश्चित होने का दावा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी।
उन्होंने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बसपा पर भ्रष्टाचार और गुंडई के आरोप लगाते हुए कहा कि इन बातों को उत्तर प्रदेश की जनता कभी नहीं भूल सकती। बीजेपी का दामन छोड़ अन्य पार्टियों के साथ जा रहे बड़े-बड़े नेताओं और मंत्रियों के पलायन पर उमा भारती ने कहा कि इन सब बातों से बीजेपी को कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि जनता बीजेपी मय हो गई है। आजादी के बाद कांग्रेस लगातार जीतती रही। उस समय लोग व्यक्ति नहीं देखते थे सिर्फ पार्टी को देखते थे लेकिन 2014 के बाद नई आजादी मिली है और लोग बीजेपी मय हो चुके हैं। देश के किसी भी प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के अलावा कोई और पार्टी नहीं आ सकती।