ललितपुर जिले में सूदखोरों के चंगुल में फंसकर कई लोग उन्हें ब्याज देते हुए बर्बाद हो गए, जबकि कुछ ने तो आत्महत्या तक कर ली। ऐसे ही सूदखोरों के चंगुल में फंसे एक सफाई कर्मचारी ने वीडियो पोस्ट करके ब्याज में देरी होने पर सूदखोरों पर धमकाने का आरोप लगाया। साथ में पत्नी बच्चों को छोड़कर भाग जाने या आत्महत्या कर लेने की बात कही। वहीं, सफाई कर्मचारी की पत्नी ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को एक शिकायती पत्र दिया, जिसमें सूदखोरों के नाम व रुपये के लेने व देने की सूची है।
शहर के मोहल्ला नेहरू नगर बी-केबिन के पास निवासी नीतू शर्मा पत्नी मुकेश कुमार ने एक प्रार्थना पत्र कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को दिया। इसमें करीब बारह लोगों की एक सूची है और उसमें लिए गए रुपये कितने प्रतिशत ब्याज, ब्याज के रूप में कितने रुपये अभी तक दिए जा चुके, मूलधन कितना पहुंच चुका है और सभी सूदखोरों के नाम के सामने अंकित हैं।
पत्र में नीतू ने बताया कि उसके पति जिला पंचायत राज विभाग के अधीन सफाई कर्मी के पद पर तैनात हैं। उसके परिवार में दो बच्चे हैं। उसके पति गलत संगत में पड़ गए। आरोपियों ने उसके पति को बहला-फुसलाकर शराब की लत लगाकर जबरन ब्याज पर रुपया उधार दिया। रुपये से शराब पीकर व जुआ खेलकर उसके पति पर कर्ज करा दिया। साथ में ब्याज सहित कर्ज वसूल रहे हैं। पत्र में नीतू ने बताया कि उसके पति वेतनभोगी सरकारी कर्मचारी हैं। आरोपियों की बातों में आकर जबरन ब्याज की लालच में उधार उसके पति को दिलाया गया। उसके पति पर नाजायज दबाव बनाकर हर माह ब्याज वसूल कर रहे हैं।
पत्र में नीतू ने यह भी बताया कि उसका पति उक्त लोगों को ब्याज सहित मूलधन से अधिक की धनराशि वापस कर चुके हैं। बावजूद इसके आरोपी रुपये वापस करने का दबाव बना रहे हैं। कुछ लोगों से रुपये तो उसके पति ने ब्याज का रुपये अदा करने के लिए उधार लिया है। उसके पति का वेतन 40 हजार है और उससे अधिक हर माह करीब 55 हजार रुपये अदा करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में वह व उसके बच्चे भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। कर्जदार हर दिन घर आकर एवं फोन पर कर्जा वापस करने की धमकी दे रहे हैं और न देने पर जान से मारने को धमका रहे हैं।
नीतू ने बताया कि घर बिकवा देने की धमकी दी। एक आरोपी ने तो उसके पति को यह भी सलाह दी कि वह अपनी पत्नी को तलाक दे दे, जिस कारण से मकान उसके नाम आ जाएगा और उसे बेचकर वह उसका कर्जा चुका दे। पत्र में अन्य आरोप भी लगाए गए और कार्रवाई की मांग की गई। वहीं, मुकेश कुमार के द्वारा एक वीडियो पोस्ट किया गया। इसमें उसने कहा कि ब्याज में देरी होने पर सूदखोंरों पर धमका रहे हैं। वह मानसिक रूप से परेशान है। पत्नी बच्चों को छोड़कर भाग जाने या आत्महत्या कर लेने की बात वीडियो में मुकेश कर रहा है।
23.12 लाख लौटा चुके और अभी भी कर्जदार
सफाई कर्मचारी मुकेश की पत्नी ने जो प्रार्थना पत्र दिया है उसमें बारह लोगों के नाम व कर्ज के रुपये सहित ब्याज व दिए जा चुके रुपये अंकित है। उक्त सूची के अनुसार मुकेश ने कर्जदारों से 3 से लेकर 10 फीसदी ब्याज की दर से करीब 17,80,000 रुपये लिए थे। जिसमें मुकेश सूदखोरों को प्रतिमाह ब्याज सहित करीब 23,12000 हजार रुपये अब तक लौटा चुका है। इसमें सिर्फ ब्याज के ही 15,47000 हजार रुपये शामिल है। इस प्रकार से मुकेश सूदखोरों को 5.32 लाख रुपये अधिक अभी तक लौटा चुका है और अभी भी उनका कर्जदार बना हुआ है। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आरोपों को लेकर जांच कराई जाएगी। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।